नारायणपुर| शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के उद्देश्य से एसपी रॉबिन्सन गुडिया के निर्देश और एएसपी सुशील नायक के मार्गदर्शन में मेन रोड के दुकानदारों की बैठक हुई। इसमें सड़क पर बढ़ते यातायात दबाव, अव्यवस्थित पार्किंग और मुख्य मार्ग पर खड़े वाहनों से लगने वाले जाम की समस्या पर चर्चा की गई। एसडीओपी लोकेश बंसल ने गैरेज संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क पर वाहन खड़ा कर मरम्मत कार्य न करें। उन्होंने कहा कि इससे यातायात बाधित होता है और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। सभी गैरेज मालिकों से निर्धारित स्थान पर ही मरम्मत कार्य करने की अपील की गई। पालिका के राजस्व निरीक्षक भूषण देशमुख और इंजीनियर बसंत कुंजाम ने बताया कि एसबीआई और ग्रामीण बैंक के पास व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा विकसित की जाएगी, जिससे वाहन निर्धारित स्थान पर खड़े हो सकें और मुख्य मार्ग पर यातायात निर्बाध रहे।
<
