![]()
बेमेतरा जिले में छत्तीसगढ़ के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने दाढ़ी नगर पंचायत के प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) रमेश कुमार ध्रुव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। शासन द्वारा जारी आदेश में सरकारी आवास और कार्यालय में शराब की बोतलें मिलने, निर्माण कार्यों में अनियमितता तथा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना जैसे गंभीर आरोपों का उल्लेख किया गया है। विभागीय निरीक्षण के दौरान रमेश कुमार ध्रुव के सरकारी आवास में बड़ी संख्या में शराब की बोतलें बरामद की गईं। वहीं नगर पंचायत कार्यालय के उनके कक्ष में भी शराब की बोतलें रखी होने की पुष्टि हुई है। विभाग ने तत्त्काल किया निलंबित इसके अलावा सड़क निर्माण कार्यों से जुड़े कोर कटिंग के करीब 30 नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। विभाग ने इसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही और कदाचार मानते हुए तत्काल निलंबन की कार्रवाई की है। वायरल वीडियो के बाद शुरू हुई जांच कुछ दिन पहले दाढ़ी नगर पंचायत कार्यालय में शराब की बोतलें रखे होने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद मामला सुर्खियों में आया और नगरीय प्रशासन विभाग ने इसकी जांच शुरू कराई थी। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद शासन ने सख्त कदम उठाते हुए रमेश कुमार ध्रुव को निलंबित कर दिया। बैठकों से रहते थे गायब आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कई बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद रमेश कुमार ध्रुव समय-सीमा की महत्वपूर्ण बैठकों में बिना सूचना के लगातार अनुपस्थित रहे। शासन ने इसे सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन माना है। दुर्ग किया गया मुख्यालय निलंबन अवधि के दौरान रमेश कुमार ध्रुव का मुख्यालय संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास, क्षेत्रीय कार्यालय दुर्ग निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त होगा। विभागीय जांच भी शुरू नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में आरोप पत्र तैयार कर विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। शासन की इस कार्रवाई को नगरीय निकायों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
<
