![]()
बिलासपुर में मंगलवार देर रात EWS की तीन मंजिला इमारत से एक युवक और युवती नीचे गिर गए। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तुरंत इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। यह मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के अभिलाषा परिसर का है। जानकारी के अनुसार चिरंजीव उर्फ चिंटू पांडेय (23) चोलामंडलम फाइनेंस कंपनी में काम करता था। इसके साथ ही जोमेटो में डिलीवरी ब्वॉय था। चिंटू यदुनंनदन नगर में रहता था। वहीं, युवती का नाम गरिमा सिंह (22) बताया जा रहा है। युवती सिटी कोतवाली क्षेत्र के गांधी चौक के पास रहती है। वो पहले शादी डॉट काम में काम करती थी। छत से गिरते ही चीखने-चिल्लाने लगे युवक-युवती बताया जा रहा है कि अभिलाषा परिसर में छत से कूदकर नीचे गिरते ही युवक-युवती बुरी तरह से घायल हो गए। युवक दर्द से कराहते हुए चिल्लाने लगा। वहीं, युवती भी रोने लगी। कुछ ही देर में दोनों की आवाज बंद हो गई। इस बीच आवाज सुनकर लोग बाहर निकले तब दोनों खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे। चिंटू की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि, युवती बुरी तरह से घायल होकर बेहोश पड़ी थी। लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद युवती को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घूमने गए थे युवक-युवती, विवाद होने पर छत से कूदने की आशंका टीआई किशोर केंवट ने बताया कि युवक-युवती दोनों के बीच पिछले लंबे समय से अफेयर था। युवक पहले अभिलाषा परिसर में रहता था। लिहाजा, वो युवती को लेकर आए दिन वहां जाता था। मंगलवार की रात 12 से 1 बजे युवक-युवती अभिलाषा परिसर पहुंचे थे। जिसके बाद करीब 4 बजे उन्होंने छत से छलांग लगाई है। पुलिस को आशंका है कि युवक-युवती के बीच विवाद हुआ होगा, जिसके बाद दोनों एक साथ जान देने के लिए छत से कूद गए होंगे। फिलहाल, पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
<
