![]()
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पुलिस द्वारा दो दिवसीय पुलिस यूथ यूनिटी स्पोर्टस के तहत ताइक्वांडो प्रतियोगिता कराया जा रहा है। जिसमें जिले के 10 क्लब के 170 ताइक्वांडो खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। जहां पहले दिन 1-2 मिनट के दो राउंड खेलाए गए और अब इनके विजेता अगले राउंड में प्रवेश करेंगे। अग्रोहा भवन में ताइक्वांडो प्रतियोगिता का शुभारंभ भगवान श्री हनुमान जी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वालित कर किया गया। इस प्रतियोगिता में गर्ल्स एवं बॉयज की दो कैटेगिरी अंडर-14 और अंडर-17 में बालक-बालिकाएं हिस्सा ले रहे हैं। जिले के 10 ताइक्वांडो क्लबों के प्रशिक्षित खिलाड़ियों का सबसे पहले वेट कराया गया। गर्ल्स वर्ग के मुकाबले 1-1 मिनट के दो राउंड में कराए गए, जिनके विजेता अगले राउंड में खेलेंगे। शनिवार को बॉयज अंडर-14 और अंडर-17 वर्ग के मुकाबले होंगे। गर्ल्स और बॉयज दोनों वर्गों के फाइनल मैच आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद शाम को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ इस दो दिवसीय खेल आयोजन का भव्य समापन होगा।
खिलाड़ियों के भविष्य को नई दिशा मिलेगी
कार्यक्रम के शुभारंभ में प्रभारी कलेक्टर व सीईओ जिला पंचायत अभिजीत बबन पठारे ने रायगढ़ पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि रायगढ़ जिले में ताइक्वांडो के प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं। रायगढ़ पुलिस द्वारा उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक उत्कृष्ट मंच और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है, जो निश्चित रूप से उनके भविष्य को नई दिशा देगा।
खेल प्रतिभाओं को मजबूत मंच देना उद्देश्य
SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस द्वारा पुलिस यूथ यूनिटी स्पोर्ट्स आयोजित करने का उद्देश्य जिले की खेल प्रतिभाओं को एक मजबूत मंच देना है। ताकि यहां के खिलाड़ी प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। उन्होंने बताया कि ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए इंडोर स्पोर्ट्स आयोजन को लेकर पुलिस अधिकारियों व जिले के वरिष्ठ ताइक्वांडो खिलाड़ियों के साथ चर्चा की गई। जिसके बाद ताइक्वांडो प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए जिला ताइक्वांडो के सभी क्लब, कोच और खिलाड़ियों ने काफी मेहनत की है।
<
