![]()
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक महिला अधिकारी के साथ अश्लील हरकत का मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल में कार्यरत महिला ने अज्ञात युवक के खिलाफ अश्लील कॉल और आपत्तिजनक फोटो भेजने की शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता की शिकायत पर टिकरापारा पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरु कर दी है। अब पढ़े क्या है पूरा मामला टिकरापारा पुलिस के अनुसार थानाक्षेत्र निवासी पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। पीड़ित के अनुसार 30 अप्रैल की सुबह एक अज्ञात नंबर से उन्हें कॉल आया, जिसमें आरोपी ने उनसे आपत्तिजनक बातें करते हुए निजी जीवन से जुड़े सवाल पूछे और फोन पर सेक्स की डिमांड की। महिला ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपी ने गालियां देना शुरू कर दिया। इसके बाद 4 मई की सुबह फिर उसी नंबर से कॉल और व्हाट्सऐप मैसेज आने लगे। इस बार आरोपी ने अपनी नग्न तस्वीरें भेजकर महिला को मानसिक रूप से परेशान किया। मानसिक तनाव से गुजर रही पीड़िता पीड़िता के अनुसार, इस घटना का असर उनकी निजी जिंदगी पर भी पड़ रहा है। इस तरह की हरकतों से वे मानसिक तनाव में हैं। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में महिला ने संबंधित मोबाइल नंबर भी पुलिस को सौंपा है, जिसके आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि साइबर सेल की मदद से आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा। अब पढ़े पुलिस अधिकारियों ने क्या कहा टिकरपारा पुलिस के अनुसार महिला अधिकारी की शिकायत पर केस दर्ज करके आरोपी के खिलाफ जांच की जा रही है। केस में साइबर सेल की मदद ली जा रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
<
