![]()
जांजगीर-चांपा जिले में अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। शनिवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दबिश देकर पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया और बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। इसमें थाना चांपा, बलौदा, अकलतरा और पुलिस सहायता केंद्र कोटमीसोनार की संयुक्त टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। अलग-अलग कार्रवाई में 200 लीटर से ज्यादा शराब जब्त कार्रवाई के दौरान थाना चांपा पुलिस ने भैंसाबाजार निवासी बसंत कुमार सहीस (45) से 7 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की। इसी तरह थाना बलौदा पुलिस ने बोकरेल निवासी मनमोहन धनुवार (27) के कब्जे से भी 7 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। सबसे बड़ी कार्रवाई थाना अकलतरा और पुलिस सहायता केंद्र कोटमीसोनार की संयुक्त टीम ने की। उन्होंने भाटापारा पोड़ीदहला निवासी रामफल नायक (25) के पास से 225 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त की। इसके अतिरिक्त, दर्रीटॉड निवासी दुर्गा नायक (41) से 40 पाव देशी प्लेन शराब भी बरामद की गई। कुल मिलाकर, पुलिस ने 239 लीटर कच्ची महुआ शराब और 40 पाव देशी प्लेन शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 51 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने सभी चारों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है। उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
<
