![]()
जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम मुड़पार में हनुमान जी की मूर्ति से तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। बीती रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने मंदिर में स्थापित मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शिवरीनारायण मुख्य मार्ग पर 4 घंटे तक चक्का जाम कर प्रदर्शन किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ। यह घटना शिवरीनारायण थाना क्षेत्र की है। ग्राम मुड़पार में एक हनुमान मंदिर में यह मूर्ति स्थापित थी, जहां ग्रामीण नियमित रूप से पूजा-अर्चना करते हैं। रविवार की रात अज्ञात व्यक्तियों ने मूर्ति के साथ अभद्रता की और उसे तोड़ दिया। इस कृत्य को हिंदू धर्म की भावनाओं के साथ छेड़छाड़ माना गया, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। चक्का जाम,प्रदर्शन 4 घंटे तक चला दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण शिवरीनारायण मुख्य मार्ग पर जमा हो गए और चक्का जाम कर दिया। उनका यह प्रदर्शन लगभग 4 घंटे तक चला, जिससे यातायात बाधित रहा। ग्रामीणों ने मांग की कि इस घटना में शामिल लोगों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उन पर सख्त कार्रवाई की जाए। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन घटना की सूचना मिलते ही शिवरीनारायण पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। गांव का माहौल बिगड़ने से रोकने के लिए एसपी निवेदिता पाल के निर्देश पर एएसपी उमेश कश्यप पुलिस टीम के साथ चक्का जाम स्थल पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त करने का आग्रह किया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा मामला दर्ज करने का आश्वासन दिया। पुलिस के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया। असामाजिक तत्वों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें कड़ी सजा दिलाई जा सके।
<
