![]()
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर थाना अंतर्गत पुलिस चौकी बरियों क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक महिला की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह घटना 15 अप्रैल की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सिथमा निवासी कुलन राम (60) ने चौकी बरियों में मर्ग दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि 15 अप्रैल को वह अपने बेटे-बहू के साथ घर के पास बाड़ी में फसल की देखरेख कर रहे थे। घर पर उनकी पत्नी राजो बाई (55) और नातिन पायल मौजूद थीं। नातिन ने कहा दादी के साथ मारपीट हो रही है शाम करीब 5 बजे नातिन पायल दौड़ते हुए बाड़ी पहुंची और बताया कि दादी के साथ मारपीट की जा रही है। सूचना मिलते ही कुलन राम, उनके बेटे अमृत और बहू घर पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि आरोपियों ने जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद करते हुए राजो बाई (मृतिका) के साथ मारपीट कर रहे थे। आरोप है कि आरोपियों ने जमीन में हिस्सा नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। बीच-बचाव करने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। इस मामले में संजय मानिकपुरी (31), परमेश्वरी उर्फ पनेसरी (28), सरस्वती उर्फ बुधो (40), राजकुमारी उर्फ जुईया (45), चैतू मानिकपुरी (45) और फुलकुंवर (50) को आरोपी बनाया गया है। सभी आरोपी अलग-अलग स्थानों के निवासी बताए गए हैं। मारपीट से हुए दर्द, घबराहट,मानसिक तनाव मौत की वजह अगले दिन, 16 अप्रैल को कुलन राम गांव में एक पारिवारिक कार्यक्रम में गए थे। शाम करीब 4 बजे उनके बेटे ने सूचना दी कि उनकी पत्नी की तबीयत गंभीर है। घर पहुंचने पर कुलन राम ने पाया कि राजो बाई की हालत बिगड़ चुकी थी और शाम करीब 6 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। प्रार्थी के अनुसार, मारपीट से हुए दर्द, घबराहट और मानसिक तनाव के कारण उनकी पत्नी की मौत हुई। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा पुलिस ने मर्ग क्रमांक 37/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया। जांच के दौरान आरोपियों की संलिप्तता पाए जाने पर उनके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 190, 332 और 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
<
