![]()
बालोद जिले में जेल से रिहा हुए आरोपी ने अपने ही साथी कैदी के परिवार को जमानत दिलाने का झांसा देकर 75 हजार रुपए ठग लिए। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला बालोद थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार ग्राम गोडरी (निपानी) निवासी योगेश कुमार कोर्राम जुलाई 2022 से बालोद जेल में बंद था। इसी दौरान उसकी मुलाकात मरौदा जालबांधा, खैरागढ़ निवासी डोमार चंदेल से हुई, जो बालोद थाना में धारा 420 के मामले में बंद था। भरोसे में लेकर ठगी की अगस्त 2023 में जेल से रिहा होने के बाद डोमार चंदेल सीधे योगेश के घर पहुंचा और उसकी मां देवंतीन बाई को भरोसा दिलाया कि वह योगेश की जमानत करवा देगा। आरोपी ने भरोसे का फायदा उठाते हुए जमानत कराने के नाम पर बाइक (सीजी 24 एफ 2784), आरसी बुक, एक मोबाइल और 30 हजार रुपए नकद ले लिए। रिहाई के बाद हुआ खुलासा इसके अलावा 9 नवंबर 2023 को फोन-पे के जरिए 10 हजार रुपए और ट्रांसफर कराए। इस तरह आरोपी ने कुल 75 हजार रुपए की ठगी की। योगेश को इस पूरे मामले की जानकारी 24 जनवरी 2026 को जेल से रिहा होने के बाद हुई। इसके बाद उसने डोमार चंदेल के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
<
