![]()
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत पहले बैच का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है। यह तीन दिवसीय प्रशिक्षण पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय मरवाही में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें कुल 221 प्रशिक्षणार्थी भाग ले रहे हैं। कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि जनगणना के दौरान कोई तकनीकी या फील्ड संबंधी समस्या आती है, तो उसे मास्टर ट्रेनर्स के माध्यम से तुरंत हल किया जाए। कलेक्टर ने सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करने की शुभकामनाएं दीं। मास्टर ट्रेनर्स ने जनगणना की प्रक्रिया की जानकारी दी मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को जनगणना की प्रक्रिया, उसके महत्व और संबंधित जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि सटीक जनगणना विभिन्न सरकारी योजनाओं और नीतियों के निर्माण का आधार होती है, इसलिए यह एक महत्वपूर्ण और संवेदनशील राष्ट्रीय कार्य है। डिजिटल माध्यम से डेटा संग्रह की दी गई ट्रेनिंग प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करने की प्रक्रिया, डिजिटल माध्यमों का उपयोग, फॉर्म भरने की विधि और डेटा संकलन के विभिन्न पहलुओं के बारे में सिखाया जा रहा है। साथ ही, आम नागरिकों को जनगणना में सहयोग के लिए जागरूक करने के तरीके भी बताए जा रहे हैं। प्रशिक्षण के शुभारंभ अवसर पर अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी पीआर पंडराम, एसडीएम मरवाही देवेंद्र सिरमौर, तहसीलदार प्रीति शर्मा, जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर अंबुज मिश्रा और जिला नोडल अधिकारी धरमराज मीणा उपस्थित थे।
<
