![]()
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में जनगणना 2027 के प्रथम चरण और सुशासन तिहार के मद्देनजर अवकाश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी स्व-गणना जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने एक बैठक में बताया कि जनगणना भारत सरकार का सर्वोच्च प्राथमिकता वाला कार्य है। 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक स्व-गणना का कार्य जारी है। सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को se.census.gov.in लिंक पर अपनी जानकारी दर्ज करनी होगी, जिससे जनगणना प्रगणकों का कार्य आसान हो सके। विभिन्न विभागों के लंबित मामले 30 अप्रैल तक पूरा करने के निर्देश उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार ने इस साल भी सुशासन तिहार 2026 संचालित करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार, नामांतरण, बटवारा, सीमांकन, मनरेगा के लंबित मजदूरी भुगतान, हितग्राही मूलक योजनाओं, आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, बिजली ट्रांसफार्मर और हैंडपंप सुधार जैसे विभिन्न लंबित प्रकरणों को 30 अप्रैल तक पूरा करना है। सुशासन तिहार के तहत जन समस्या निवारण शिविरों का आयोजन 1 मई से 10 जून के बीच किया जाएगा। कलेक्टर ने इन शिविरों की तैयारी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर की सहमति के बिना छुट्टी स्वीकार्य नहीं कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जनगणना कार्य प्रक्रियाधीन होने के कारण, इसमें लगे किसी भी अधिकारी-कर्मचारी को उनकी पूर्व अनुमति के बिना अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा। साथ ही, कोई भी अधिकारी-कर्मचारी बिना पूर्व अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे। विशेष परिस्थितियों में जिला जनगणना शाखा के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत करने के बाद ही अवकाश स्वीकृत किया जाएगा। बैठक में कलेक्टर ने जन समस्याओं और जन शिकायतों के विभागवार निराकरण की समीक्षा की। उन्होंने धान उठाव की समीक्षा करते हुए 13 समितियों में शेष बचे 4% धान का उठाव 30 अप्रैल तक पूरा करने के निर्देश दिए।
<
