नईदुनिया प्रतिनिध,रायपुर। इस हादसे में कुल 36 श्रमिक प्रभावित हुए हैं, जिनमें से 20 की मृत्यु हो चुकी है, जबकि 16 घायल हैं और उनका उपचार जारी है।
मुख्यमंत्री द्वारा मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि की घोषणा की गई है। वहीं प्रधानमंत्री द्वारा मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह सहायता स्वीकृत की गई है।
इसके साथ ही कंपनी प्रबंधन ने मृतकों के परिजनों को 35 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और रोजगार सहयोग देने तथा घायलों को 15 लाख रुपये देने की घोषणा की है।
गंभीर सवाल खड़े कर दिए
14 अप्रैल को रायगढ़ जिले के ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता प्लांट में हुए इस भीषण हादसे ने औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया। घायलों को रायगढ़ के फोर्टिस हॉस्पिटल, मेट्रो, मेडिकल कॉलेज और अपेक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर घायलों को रायपुर के कालड़ा अस्पताल रेफर किया गया।
कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन अस्पताल पहुंचे
घटना के दो दिन बाद कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को बेहतर इलाज के निर्देश दिए और ग्रामीणों से भी बातचीत की।
मजिस्ट्रियल जांच के आदेश
मुख्यमंत्री ने इस घटना पर चिंता जताते हुए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही कहा गया है कि जांच में दोषी पाए जाने वालों पर श्रम कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कंपनी प्रबंधन ने प्रभावित परिवारों के साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया है।
कंपनी द्वारा मृतक श्रमिकों के परिजनों को 35 लाख रुपये की आर्थिक सहायता एवं रोजगार सहयोग, तथा घायलों को 15 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही घायलों को पूर्ण स्वस्थ होने तक वेतन जारी रखा जाएगा और काउंसलिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
<
