![]()
कोरबा में भाजपा नेता और पूर्व बालको मंडल अध्यक्ष शिव बालक सिंह तोमर पर सोमवार दोपहर जानलेवा हमला हुआ। इस मामले में पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली सहित तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घायल शिव बालक सिंह तोमर को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के अनुसार, यह घटना सोमवार दोपहर करीब 12 बजे की है। शिव बालक सिंह तोमर अपने भतीजे से मिलने जिला जेल गए थे। जेल के रास्ते में उनकी मुलाकात जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली से हुई। रज्जाक अली ने शिव बालक सिंह को अपने भतीजे से दूर रहने और उसका साथ न देने की नसीहत दी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर रज्जाक अली और उसके तीन साथी आक्रामक हो गए। चारों आरोपियों ने मिलकर शिव बालक सिंह के साथ मारपीट की। हमलावरों ने रॉड, डंडे और बेसबॉल स्टिक से उनके घुटने के नीचे के पैर पर ताबड़तोड़ वार किए। हमले में भाजपा नेता घायल पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों में से एक तलवार लेकर आया था। हमले में शिव बालक सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। एएसपी लखन पटले ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की गई और जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस तलवार सहित अन्य हथियारों की बरामदगी के लिए तलाश कर रही है। इस घटना को लेकर भाजपा नेताओं में गहरी नाराजगी है। कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन सहित कई भाजपा नेता घायल शिव बालक सिंह तोमर से मिलने मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। दूसरी ओर, गिरफ्तार जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली ने पूरे मामले को महिला संबंधी अपराध से जोड़ते हुए बयान दिया है।
<
