![]()
कोंडागांव शहर के विकास नगर क्षेत्र में स्टेडियम के पास भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और लपटें करीब 15 फीट तक ऊंची उठने लगीं। आग की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता था कि दूर-दूर तक काले धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग तेजी से फैलने लगी, जिससे आसपास के लोग अपने घरों से बाहर आ गए। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी। आग लगने के कारणों का पता नहीं सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। हालांकि, आग से आसपास के क्षेत्र में नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो यह आसपास के रिहायशी इलाकों तक फैल सकती थी, जिससे एक बड़ा हादसा हो सकता था।
<
