Uncategorized

सक्ती में रेल पटरी पर फ्री फायर खेल रहे 14 वर्षीय किशोर की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत, एक गंभीर घायल

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में रेल पटरी पर बैठकर फ्री फायर गेम खेल रहा 14 साल का लड़का मालगाड़ी की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। घटना बाराद्वार थाना क्षेत्र के सकरेलीभाठा फाटक के पास की है।

जानकारी के मुताबिक, 15 सितंबर की रात करीब 8 बजे सकरेलीभाठा फाटक के पास 4 दोस्त रेल पटरी पर बैठकर मोबाइल पर गेम खेल रहे थे। इनमें टिकेश साहू (14) और नवीन खांडे (14) भी शामिल थे। दोनों सकरेलीभाठा के रहने वाले हैं और 9वीं कक्षा के छात्र हैं। दोनों ने कान में ईयरफोन लगा रखा था और मोबाइल में फ्री फायर गेम खेलने में व्यस्त थे।

घटनास्थल से कुछ दूरी पर गणेश भगवान का पंडाल बना हुआ है। टिकेश और नवीन के साथ बैठे दो अन्य दोस्त प्रसाद लेने के लिए पंडाल चले गए, जबकि टिकेश और नवीन वहीं पटरी के पास बैठे रहे।

इसी दौरान बाराद्वार की ओर से मालगाड़ी आ गई। गेम खेलने में व्यस्त टिकेश और नवीन समय रहते पटरी से हट नहीं सके। मालगाड़ी की चपेट में आने से टिकेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नवीन गंभीर रूप से घायल हो गया।

नवीन के सिर, कंधे और पैर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने उसे तत्काल बाराद्वार अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे चांपा रेफर कर दिया। उसका इलाज जारी है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। 16 सितंबर की सुबह पुलिस ने टिकेश के शव का पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

बाराद्वार थाना प्रभारी नरेंद्र यादव ने बताया कि पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद टिकेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

टिकेश कक्षा 9वीं में पढ़ता था। उसकी मौत की खबर से परिवार के साथ स्कूल और पूरे गांव में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि मोहल्ले के करीब आधा दर्जन नाबालिग बच्चों की रेल पटरी के पास बैठकर मोबाइल गेम खेलने की आदत थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button