भास्कर न्यूज | मालखरौदा केंद्र सरकार डिजिटल इंडिया और अंत्योदय के माध्यम से सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का दावा कर रही है, लेकिन मालखरौदा का स्थानीय उप डाकघर पिछले चार महीनों से अव्यवस्था का शिकार है। कंप्यूटर ऑपरेटर का पद रिक्त होने से डाकघर का कामकाज लगभग ठप हो गया है, जिसका सीधा असर क्षेत्र की हजारों आबादी पर पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार मालखरौदा उप डाकघर में पदस्थ कंप्यूटर ऑपरेटर का तबादला 18 दिसंबर 2025 को किया गया था। नियमानुसार तबादले के साथ ही वैकल्पिक व्यवस्था होनी थी, लेकिन चार माह बीतने के बाद भी नए ऑपरेटर की नियुक्ति नहीं की गई है। डाक विभाग के अधिकांश कार्य कंप्यूटरीकृत होने के कारण कंप्यूटर ऑपरेटर के अभाव में डाक टिकट बिक्री, स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री, बचत खाता संचालन, सुकन्या समृद्धि योजना और आधार अपडेट जैसे काम प्रभावित हो रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि बिना सिस्टम और सर्वर के वे चाहकर भी लोगों की मदद नहीं कर पा रहे हैं। डाकघर आने वाले उपभोक्ताओं को निराश लौटना पड़ रहा है। योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा: मालखरौदा उप डाकघर के अंतर्गत आने वाले ग्रामीण क्षेत्रों के लोग केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के लिए रोज चक्कर लगा रहे हैं। बुजुर्गों को पेंशन निकालने में परेशानी हो रही है। लोग जमा राशि निकालने और जमा करने में असमर्थ हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं के फॉर्म और दस्तावेज स्पीड पोस्ट से नहीं भेजे जा पा रहे।
<
