![]()
सोशल मीडिया पर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला सामने आने के बाद रविवार को बड़ी संख्या में समाज के लोग भिलाई नगर थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कई महिलाएं भी थाने के अंदर पहुंच गईं और जमकर नारेबाजी की। मामला वैशाली नगर की रहने वाली अनामिका उपाध्याय से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर बाबा साहब के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी की थी। इस पोस्ट के सामने आने के बाद समाज के लोगों में नाराजगी फैल गई। विरोध प्रदर्शन से जुड़ी ये तस्वीरें देखिए…
थाने के अंदर घुसकर नारेबाजी
समाज के खिलाफ लगातार आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर रविवार को समाज के लोग बड़ी संख्या में भिलाई नगर थाने पहुंचे। समाज का आरोप है कि युवती लगातार सोशल मीडिया पर एक समाज को टार्गेट कर वीडियो बना रही है। उसने भारत रत्न डॉ.भीम राव आंबेडकर के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया है, जिससे पूरे देश का अपमान हुआ है। कार्रवाई की मांग को लेकर महिलाएं थाने के अंदर घुस गई और नारेबाजी करने लगीं। लिखित शिकायत के बाद दर्ज हुई एफआईआर
मूल निवासी संघ के जिला अध्यक्ष जय साहू ने इस मामले में थाना भिलाई नगर में लिखित शिकायत दी। उन्होंने बताया कि 18 अप्रैल की रात करीब 8:22 बजे उन्होंने इंस्टाग्राम पर “anamika_updhyay” नाम के अकाउंट पर यह आपत्तिजनक पोस्ट देखी। उनका कहना है कि इस तरह की टिप्पणी से न सिर्फ उनकी, बल्कि पूरे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि संबंधित अकाउंट पर डाले गए वीडियो और पोस्ट से जातिवादी सोच झलकती है, जो समाज में गलत संदेश देता है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को स्क्रीनशॉट, प्रोफाइल लिंक और वीडियो जैसे सबूत भी दिए हैं। अलग-अलग संगठन के लोग हुए शामिल
रविवार को इस मामले को लेकर मूल निवासी संघ, भीम आर्मी और अन्य संगठनों के लोग बड़ी संख्या में थाना पहुंचे। उन्होंने थाने का घेराव किया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि बाबा साहब ने देश के लिए बहुत बड़ा योगदान दिया है। उन्होंने महिलाओं को अधिकार दिलाने और समाज को बराबरी का हक देने के लिए काम किया। ऐसे महान व्यक्ति के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी करना गलत है और इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राजनांदगांव में भी हुई युवती के खिलाफ शिकायत
बताया जा रहा है कि युवती के सोशल मीडिया एकाउंट से वीडियो वायरल होने के बाद राजनांदगांव जिले में भी समाज की ओर से थाना में आवेदन देकर युवती के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। समाज के पदाधिकारियों ने युवती की गिरफ्तारी की मांग की है।
आरोपी युवती को पुलिस ने किया गिरफ्तार
वहीं भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी द्वारा अभद्र भाषा और गाली-गलौज का भी इस्तेमाल किया गया है, जिसे गंभीरता से लिया गया है। मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी।
<
