![]()
धमतरी में कांग्रेस पार्षदों ने धमतरी जिले के आमदी नगर पंचायत का घेराव कर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पर गाली-गलौज का आरोप लगाया है। पार्षदों ने रैली निकालकर नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और तीन दिनों के भीतर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। उन्होंने थाना प्रभारी पर भी शिकायत के बावजूद कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आमदी नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और भाजपा की एक पार्षद पर जातिसूचक गालियां देने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित कांग्रेसियों ने नगर पंचायत कार्यालय का घेराव कर जोरदार नारेबाजी की और परिसर के सामने धरने पर बैठ गए। जातिसूचक गालियां देने का आरोप:ऋषभ ठाकुर आमदी नगर पंचायत के नेता प्रतिपक्ष ऋषभ ठाकुर ने आरोप लगाया कि 13 अप्रैल को आयोजित सामान्य सभा की बैठक में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और उनके पार्षद दोपहर 1 बजे तक उपस्थित नहीं हुए थे। जब उन्होंने देरी को लेकर सवाल किया, तो उन्हें केबिन में बुलाकर उनके और उनके पिता के खिलाफ जातिसूचक गालियां दी गईं। उन्हें यह भी कहा गया कि वे सामान्य सभा में किसी भी प्रकार का सवाल-जवाब नहीं करेंगे। दोबारा भी इसी तरह का दुर्व्यवहार किया गया ऋषभ ठाकुर ने बताया कि उन्होंने अपने अधिकारों की बात रखते हुए इसका विरोध किया, क्योंकि नेता प्रतिपक्ष होने के नाते सवाल पूछना उनका अधिकार है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 17 अप्रैल को भी उनके साथ इसी तरह का दुर्व्यवहार किया गया। ठाकुर के अनुसार, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षद ने “सत्ता का धौंस” दिखाते हुए काम रुकवाने और किसी भी कार्रवाई से बच निकलने की धमकी दी। मामले की होगी जांच और उचित कार्रवाई:तहसीलदार प्रदर्शन की सूचना मिलते ही अतिरिक्त तहसीलदार शिवेंद्र सिन्हा मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि कथित टिप्पणी और दुर्व्यवहार के संबंध में आवेदन लिया गया है, जिसे उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले में नियमानुसार जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग दोहराई।
<
