भास्कर न्यूज | कलंगपुर शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। कलंगपुर सहित आसपास के गांवों में सुबह से बादल छाए हुए थे, लेकिन 8 बजे के बाद तेज आंधी-तूफान, बिजली की कड़क और लगभग एक घंटे तक हुई बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया। तेज तूफान और बारिश के कारण गर्मी के मौसम में धान की फसल लगाने वाले किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं समीपस्थ ग्राम खुटेरी में तेज आंधी के चलते बीच गली में स्थित पीपल के पेड़ की एक बड़ी शाखा टूटकर बिजली तार पर गिर गई। इस घटना में दो बिजली खंभे टूटकर एक मकान की दीवार और छत पर जा गिरे। हालांकि घटना के समय बिजली आपूर्ति बंद हो जाने से किसी प्रकार की जनहानि या बड़ी अनहोनी नहीं हुई। क्षेत्र में हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, लेकिन अचानक हुई तेज बारिश के कारण गलियों और नालियों में पानी भर गया, जिससे आवागमन में भी दिक्कतें हुईं।
<
