जशपुरनगर: अवैध धर्मान्तरण के विरूद्व राष्ट्रीय धर्म सेना ने आज राष्ट्रीय राज मार्ग को जाम करने की घोषणा की है। पूर्व डीडीसी कृपा शंकर भगत ने बताया कि जिले में अब तक जितने भी धर्मान्तरण हुए उनमें किसी भी मामले में धर्म स्वतंत्रता अधिनियम के प्रावधानों का पालन नहीं किया गया है। इस लिहाज से सभी धर्मान्तरण अवैध है। इसलिए अपने मूल धर्म को छोड़ कर धर्मान्तरित हुए आदिवासियों को आरक्षण सहित सभी प्रकार की सरकारी सुविधाओं और आदिवासियों के लिए संचालित विशेष योजनाओं से वंचित किया जाना चाहिए। उन्होनें कहा कि डीलिस्टिंग सहित अन्य मांगों को लेकर आदिवासी समुदाय लंबे समय से मांग कर रहा है। लेकिन सरकार इन मांगों को अब तक पूरा करने कि दिशा में कोई पहल नहीं की है। इसलिए अब राष्ट्रीय धर्मसेना ने निर्णायक संघर्ष करने की घोषणा की है। कृपा शंकर भगत ने बताया कि इस आंदोलन में शामिल होने के लिए संगठन से छत्तीसगढ़ के साथ ही ओडिसा,झारखंड,उत्तर प्रदेश,मध्यप्रदेश से भी सदस्य शामिल होगे। मतांतरण के विरूद्व यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
