.
गांवों में स्वच्छता और सुव्यवस्थित जल निकासी को लेकर महिला कमांडो टीम मिसाल बन चुकी हैं। अपने प्रयास और जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रियता के कारण टीम ने अलग पहचान बनाई है। पद्मश्री शमशाद बेगम ने बताया कि ग्राम भ्रमण के दौरान कई समस्याएं सामने आती हैं, जिनमें से एक प्रमुख समस्या लोगों द्वारा घर का गंदा पानी सीधे गली में छोड़ना है, जिससे असुविधा और गंदगी फैलती है।
जिला पंचायत बालोद के सीईओ सुनील चंद्रवंशी के साथ हुई चर्चा के दौरान इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया गया। इसके बाद महिला कमांडो की विशेष बैठक लेकर उन्हें प्रशिक्षित किया गया कि वे गांधीवादी तरीके से लोगों को जागरूक करें और घरों के पास सोखता गड्ढा बनाने के लिए प्रेरित करें, ताकि पानी गलियों में न बहे। सिब्दी महिला कमांडो टीम की सरपंच ने गांव में घर-घर संपर्क कर लोगों से अपील की। वहीं कुलेश्वरी महिला कमांडो ने बताया कि वे आठ सदस्य हैं और गांव में संदेश दे रही हैं, घर का पानी गली में मत बहाना, सोखता गड्ढा बनाना। उनकी समझाइश के बाद ग्रामीणों ने अपने घरों में सोखता गड्ढे बनाना शुरू किया।
गलियां साफ और मच्छरों की समस्या कम हुई भूपेन्द्र ठाकुर , दिनेश साहू , शकुन ठाकुर, भूपेंद्र साहू ने पहल करते हुए अपने घरों से पानी बहने पर रोक लगाई है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे गलियां साफ रहने लगी हैं और मच्छरों की समस्या भी कम हुई है। इस अभियान में कमांडो टीम की लता साहू, ललिता पटेल, राधिका साहू, सरोज साहू, गोमती साहू, कीर्ति साहू, सरपंच एवं ग्रामीणों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। टीम का यह प्रयास आगे भी जारी रहेगा।
<
