छत्तीसगढ़

BJP विधायक अजय चंद्राकर ने सुप्रिया श्रीनेत और नेहा सिंह राठौर के खिलाफ दायर किया मानहानि का आपराधिक केस

छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा सिंह राठौर के खिलाफ मानहानि का आपराधिक केस दायर किया है। यह केस 22 सितंबर को विधायक अजय चंद्राकर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ जिला कोर्ट पहुंचने के बाद दर्ज कराया गया। एडवोकेट विशाल शुक्ला ने बताया कि इसी मानहानि के मामले में क्रिमिनल केस के लिए केस पेश किया गया है, जिसमें राशि नहीं, बल्कि सजा की मांग की गई है।

मामले की जड़ 15 अगस्त को वायरल हुए एक वीडियो से जुड़ी है। आरोप है कि विधायक अजय चंद्राकर का पार्टी का तिरंगा फहराते हुए एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसे स्वतंत्रता दिवस से जोड़कर वायरल किया गया। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा सिंह राठौर ने इस वीडियो को पोस्ट किया, जिसमें दावा किया गया कि धमतरी जिले में भाजपा नेताओं ने स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज की जगह BJP का झंडा फहराया था। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह पार्टी के एक कार्यक्रम का पुराना वीडियो है।

इस पोस्ट के खिलाफ भाजपा प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक ने सिविल लाइन थाने में शिकायत की थी, जिसके बाद दोनों के खिलाफ FIR भी हुई थी। अब मानहानि का केस दायर किया गया है। विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि बिना सोचे-समझे ऐसी हरकत नहीं करनी चाहिए। सभी कार्यकर्ता मिलकर कांग्रेस के इस झूठे नैरेटिव से लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि जिनके पास मुद्दा, संस्कार और विचार नहीं होते, वे ऐसी हरकतें करते हैं। उन्होंने बताया कि मानहानि में राशि नहीं बल्कि सजा की मांग की गई है।

विधायक अजय चंद्राकर ने बताया कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह में राज्य शासन ने उन्हें धमतरी के लिए अतिथि बनाया था। उस दिन राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया था। कुछ दिन पहले भाजपा कार्यकर्ताओं का एक अभ्यास वर्ग हुआ था, जिसमें भाजपा का झंडा भी फहराया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी, राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत और इन्फ्लुएंसर नेहा राठौर ने भाजपा के झंडे वाले वीडियो को पूरे देश में चलाया। सुप्रिया श्रीनेत ने कांग्रेस के मेन सोशल मीडिया पेज पर वीडियो पोस्ट करते हुए दावा किया कि भाजपा के लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज की जगह भाजपा का झंडा फहराया है।

एडवोकेट विशाल शुक्ला ने कहा कि सुप्रिया श्रीनेत और नेहा राठौर ने विधायक अजय चंद्राकर के बारे में अपमानजनक बातें कहीं और इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उन्होंने बताया कि भाजपा का शैक्षणिक कार्यक्रम था। इस कार्यक्रम में 13 मार्च को हुए ध्वजारोहण के वीडियो को एआई की मदद से बदलकर 15 अगस्त का बताकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया।

इससे पहले वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने धमतरी सिटी कोतवाली थाने का घेराव कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 तथाकथित पत्रकार भाइयों को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से गिरफ्तार किया था। आरोपियों ने पुराने वीडियो को एडिट किया था, जो भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का था।

इस मामले में सुप्रिया श्रीनेत और नेहा सिंह राठौर पर FIR भी दर्ज हुई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि भाजपा नेताओं का पुराना वीडियो स्वतंत्रता दिवस का बताकर शेयर किया गया और तनाव फैलाने का प्रयास किया गया। अब विधायक अजय चंद्राकर ने मानहानि का आपराधिक केस दायर करते हुए सजा की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button