Uncategorized

बिलासपुर के होटल हेवन्स पार्क में बिल को लेकर हंगामा, युवती ने महिला कर्मचारी से मारपीट की, केस दर्ज

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में होटल हेवन्स पार्क के लिट क्लब में बिल चुकाने को लेकर एक युवती ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि 10 हजार रुपए का बिल मांगने पर उसने महिला कर्मचारी से गाली-गलौज और मारपीट की। इस दौरान कर्मचारी के बाल भी खींचे गए, जिससे उसके सिर पर चोट आई। इसके बाद युवती ने वॉशरूम का शीशा और गमले तोड़ दिए।

घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद भी युवती नहीं मानी और बिना बिल चुकाए कार से भाग गई। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवती मारपीट करते नजर आ रही हैं। पुलिस ने युवती के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, सरकंडा के अशोक नगर निवासी अंजना दीवान (27) टेलीफोन एक्सचेंज रोड स्थित हैंवन्स पार्क होटल के क्लब के सर्विस डिपार्टमेंट में काम करती हैं। शनिवार रात करीब 10:30 बजे पेमा नाम की युवती अपने दोस्तों के साथ क्लब पहुंची और टेबल नंबर 26 पर बैठी। उसने बीयर, शराब और खाने-पीने का ऑर्डर किया।

बिल बनने पर अंजना ने उसे 10 हजार रुपए का बिल दिया। युवती ने बिल की राशि पर आपत्ति जताई और अकेले के खाने-पीने का बिल मांगा। इसके बाद 5 हजार रुपए का दूसरा बिल दिया गया।

आरोप है कि इसके बाद भी युवती बिल चुकाने में टालमटोल करने लगी। अंजना ने जब दोबारा बिल मांगा तो वह चिल्लाने लगी और बाहर जाने लगी। रोकने पर उसने अंजना के बाल पकड़ लिए और मारपीट की। इससे अंजना के सिर में चोट आई। इसके बाद युवती ने वॉशरूम का शीशा और गमले तोड़ दिए।

क्लब में हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इस दौरान युवती को समझाने की कोशिश की गई, लेकिन वह नहीं मानी। आरोप है कि वह धमकी देते हुए बिना बिल चुकाए कार में सवार होकर भाग गई। हालांकि, इस मामले की शिकायत पर पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button