टॉप न्यूज़

बलौदाबाजार कलेक्टर ने 5 पुलों पर आवागमन बंद कराया:24 घंटे की बारिश से नदी-नाले उफान पर, राहत एवं बचाव दल अलर्ट




बलौदाबाजार। जिले में पिछले 24 घंटों से रुक-रुक कर हो रही तेज बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने तत्काल प्रभाव से जिले के 5 प्रमुख पुलों और एक चेक डैम पर आवागमन बंद करने के आदेश जारी किए हैं। साथ ही सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। 5 पुलों और चेक डैम पर आवाजाही प्रतिबंधित प्रशासन के अनुसार जिन स्थानों पर आवागमन रोका गया है, उनमें महानदी अमेठी घाट (पलारी), भाटापारा-सुहेला मार्ग का जमुनिया नाला, सुहेला के भंवरगढ़-बरडीह मार्ग का जमुनिया नाला, शिकारी-केशली मार्ग का जमुनिया नाला और बलौदाबाजार विकासखंड का अचानकपुर चेक डैम शामिल हैं। इन सभी स्थानों पर पानी पुलों की सतह से एक से दो फीट ऊपर बह रहा है। अधिकारियों को निगरानी और बैरिकेडिंग के निर्देश कलेक्टर ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को बाढ़ प्रभावित पुल-पुलियों पर लगातार निगरानी रखने, बैरिकेडिंग कराने और कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। राहत एवं आपदा प्रबंधन, होमगार्ड और पुलिस बल को भी पूरी तरह सतर्क रहने के लिए कहा गया है। ग्रामीणों को मुनादी से किया जा रहा सतर्क ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को सतर्क करने के लिए कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि वे बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला प्रशासन को दें। पलारी अस्पताल परिसर में भरा पानी लगातार बारिश का असर पलारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भी पड़ा है। अस्पताल परिसर में जलभराव होने से मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने राहत सामग्री उपलब्ध कराने और वैकल्पिक व्यवस्थाएं शुरू कर दी हैं। अगले 24 घंटे के लिए भी अलर्ट मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों तक जिले में और बारिश की संभावना जताई है। इसे देखते हुए कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button