तिरुपति मोटर्स चांपा के कर्मचारी की रायपुर में करंट लगने से मौत, परिवार ने मुआवजे की मांग को लेकर किया प्रदर्शन

जांजगीर-चांपा जिले के चांपा स्थित तिरुपति मोटर्स में कार्यरत कर्मचारी शिवराम धीवर (30) की रायपुर में करंट लगने से मौत हो गई। वह पिछले 8 साल से कंपनी में फिटर-वेल्डर के तौर पर काम कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, कंपनी ने शिवराम धीवर को 2 अक्टूबर को काम के सिलसिले में रायपुर भेजा था, जहां काम के दौरान यह हादसा हुआ और उसकी मौत हो गई।
शिवराम धीवर के परिवार में एक 4 माह का मासूम बच्चा है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन तिरुपति मोटर्स चांपा के सामने पहुंचे और मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
परिजनों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और मामले में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
परिजनों का कहना है कि शिवराम धीवर ही परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। इस अचानक हुई मौत से परिवार के सामने आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई है।
फिलहाल परिजन आगे की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।




