Mungeli Crime News | Couple Murders Youth Over Blackmailing Threats

महाराष्ट्र में मजदूरी के दौरान आरोपी की पत्नी से बने थे संबंध, वीडियो वायरल करने की धमकी देने का पुलिस का दावा
छत्तीसगढ़ के मुंगेली में 24 साल के युवक की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस मामले में पुलिस ने दंपती को गिरफ्तार किया है। महिला और युवक के बीच संबंध थे, जिसका युवक ने वीडियो बना लिया था और वह महिला को ब्लैकमेल कर रहा था।
.
ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर महिला ने सारी बात अपने पति को बताई। इसके बाद दंपती ने युवक को घर बुलाया। फिर दूध में नींद की दवा मिला दी। बेहोश होने के बाद आरोपियों ने गमछे से उसका गला घोंट दिया और शव को ठिकाने लगा दिया।
जांच में सामने आया कि महाराष्ट्र में मजदूरी करने के दौरान तीनों एक ही कमरे में रहते थे। वहीं महिला और युवक के बीच शारीरिक संबंध बने थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। मामला चिल्फी थाना क्षेत्र का है।
देखिए पहले ये तस्वीरें-

31 जुलाई को सड़क किनारे युवक की लाश मिली थी।

दंपती ने प्लानिंग के तहत हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
पढ़िए हत्या की पूरी कहानी…
जानकारी के मुताबिक करीब 3 साल पहले अरुण पटेल (24), मुकेश पटेल (34) और उसकी पत्नी मनीषा पटेल (27) महाराष्ट्र में मजदूरी करने गए थे। तीनों एक ही कमरे में रहते थे। इसी दौरान अरुण और मनीषा के बीच शारीरिक संबंध बने।
पुलिस के मुताबिक, शारीरिक संबंध के दौरान अरुण ने मनीषा के मोबाइल से वीडियो बना लिया था। इसके बाद इसी वीडियो को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। गांव लौटने के बाद अरुण कथित तौर पर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मनीषा को ब्लैकमेल करने लगा।
परेशान मनीषा ने इसकी जानकारी अपने पति मुकेश को दी। आरोप है कि दोनों ने अरुण को समझाने की कोशिश की, लेकिन उसकी धमकियां जारी रहीं। इसके बाद पति-पत्नी ने मिलकर अरुण की हत्या की साजिश रची।

घर बुलाया, दूध में मिलाई नींद की दवा
साजिश के तहत दंपती ने 30 जुलाई की रात अरुण को घर बुलाया। इसके बाद उन्होंने दूध में नींद की दवा मिलाकर उसे पिला दी। दूध पीने के बाद जब अरुण बेहोश हो गया, तब मुकेश और मनीषा ने गमछे से उसका गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों ने शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की।
शव सड़क किनारे फेंका, मोबाइल नदी में डाला
वारदात के बाद दंपती ने अरुण के शव को रामचंद्र पटेल के घर के पास सड़क किनारे फेंक दिया। इसके बाद उसका मोबाइल और हत्या में इस्तेमाल किया गया गमछा मनियारी नदी में फेंक दिया। अगले दिन अरुण का शव मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों और मिले साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ की। जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस ने मिले इनपुट के आधार पर मुकेश पटेल और मनीषा बाई पटेल को हिरासत में लिया। पूछताछ में दंपती ने जुर्म कबूला किया।
इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 103, 238(ए) और 3(5) के तहत केस दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया। 17 अगस्त को पुलिस ने दंपती को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

………………….
इस से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए
कवर्धा में घर बुलाकर युवक की हत्या,पाने से फोड़ा सिर:महिला से अवैध संबंध, अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल कर रहा था; पति-देवर ने फेंकी लाश

कवर्धा में युवक की हत्या, महिला सहित तीन आरोपी गिरफ्तार।
छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में खेत से बंद बोरी में युवक की लाश मिली थी। पुलिस ने महिला, उसके पति और देवर को गिरफ्तार किया है। युवक का महिला के साथ अवैध संबंध था। युवक महिला को उसके आपत्तिजनक वीडियो से ब्लैकमेल करता था। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ कई बार जबरन संबंध बनाए।… पढ़िए पूरी खबर




