Uncategorized

बालोद में 10 और 12 साल की बच्चियों से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में 10 और 12 साल की दो मासूम बच्चियों से दुष्कर्म की वारदात सामने आई है। घटना उस समय हुई जब पूरा गांव विश्वकर्मा पूजा में व्यस्त था। आरोपी ने इसका फायदा उठाकर दोनों बच्चियों को अपनी साइकिल पर बैठाकर करीब डेढ़ किलोमीटर दूर खेत में ले गया और वहां उनके साथ दुष्कर्म किया।

जानकारी के मुताबिक, 17 सितंबर की दोपहर गांव में विश्वकर्मा पूजा और विसर्जन का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान आरोपी ललित ठाकुर (36) ने दोनों बच्चियों को बहला-फुसलाकर अपनी साइकिल के कैरियर पर बैठाया और उन्हें गमछे से बांध दिया। इसके बाद वह उन्हें सुनसान जगह पर ले गया और उनके साथ दुष्कर्म किया।

घटना के बारे में किसी को नहीं बताने के लिए आरोपी ने बच्चियों को 50-50 रुपए दिए। बाद में बच्चियों ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने गुंडरदेही थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी मजदूरी करने के साथ अपना खेत भी संभालता है। वह शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। घटना के दिन जब आरोपी मासूमों को खेत की ओर ले जा रहा था, तब गांव के कुछ लोगों ने उसे बच्चियों के साथ देखा था। इसके बाद उन्होंने बच्चियों के परिजनों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद मामला सामने आया।

गुंडरदेही पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 65(2), 137(2) और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। एसडीओपी श्रुति सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी ललित ठाकुर को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

19 सितंबर को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पीड़ित बच्चियां चौथी और छठवीं कक्षा में पढ़ती हैं। मामला गुंडरदेही थाना क्षेत्र का है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button