नरहरा वाटरफॉल में तेज बहाव में बहे 2 युवक, VIDEO:रेलिंग के सहारे बची जान, लोगों ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित निकाला

![]()
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में स्थित नरहरा वाटरफॉल में रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया। झरने में नहाते समय दो युवक पानी के तेज बहाव में बह गए, जिन्हें करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक पानी के तेज बहाव में लगभग 50 फीट तक बहते चले गए। गनीमत रही कि वाटरफॉल में रेलिंग लगी हुई थी, जिसकी मदद से वे खुद को संभाले रख पाए और एक बड़े हादसे से बच गए। लोगों ने रेलिंग के सहारे दोनों युवकों को बाहर निकाला आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए रेलिंग के सहारे चढ़कर दोनों युवकों को बाहर निकालने में मदद की। इस घटना के दौरान वाटरफॉल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। धमतरी का नरहरा वाटरफॉल इन दिनों तेजी से लोकप्रिय हो रहा है, जहां धमतरी सहित प्रदेश के अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में सैलानी घूमने आते हैं। अक्सर देखा जाता है कि यहां आने वाले पर्यटक पानी के तेज बहाव में नहाने उतरकर लापरवाही बरतते हैं, जिससे ऐसी दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। बारिश के मौसम में यहां सैलानियों की भीड़ काफी बढ़ जाती है, इसके बावजूद सुरक्षा के व्यापक इंतजाम नहीं किए गए हैं। जिला और पुलिस प्रशासन को यहां सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के लिए तत्काल कदम उठाने होंगे, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।
Source link




