Uncategorized

जांजगीर-चांपा के बलौदा में आकाशीय बिजली गिरने से 3 की मौत, 3 घायल; 24 जिलों में तेज हवा का अलर्ट

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य ग्रामीण घायल हुए हैं। शनिवार शाम महुदा गांव में सभी बाड़ी में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला। बारिश से बचने के लिए सभी झोपड़ी में चले गए, जहां वे बिजली की चपेट में आ गए।

मृतकों में नरेश खैरवार (24), रामभरोश पटेल (32) और तुलसी राम पटेल (51) शामिल हैं। घायलों में अंजू पटेल (26), दुलारा बाई पटेल (46) और बैशाखू (32) का इलाज चल रहा है।

इस बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवा चलने की संभावना जताई है। रायपुर समेत कई जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अचानक तेज हवा चल सकती है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।

गौरेला और अमरकंटक में भी मौसम बदला हुआ है। गौरेला में शनिवार सुबह से घना कोहरा छाया है, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई है। अमरकंटक में बारिश के बाद मौसम ठंडा और सुहावना हो गया है। कम विजिबिलिटी के कारण गौरेला-अमरकंटक सड़क पर वाहन चालक दिन में भी लाइट जलाकर धीमी रफ्तार से चल रहे हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, राजनांदगांव, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली समेत कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 40 से 60 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है।

दूसरे अलर्ट में रायपुर के साथ सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर को शामिल किया गया है। इन जिलों में हल्की गरज-चमक, बिजली गिरने और बारिश के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।

बारिश के साथ बिजली गिरने और अचानक तेज हवा चलने की संभावना को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। खुले स्थानों पर रहने और पेड़ या कमजोर संरचनाओं के पास जाने से बचने की सलाह है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button