Uncategorized

अंबेडकर अस्पताल महिला छात्रावास में मूलभूत सुविधाओं की कमी, छात्राओं ने जताई नाराजगी

पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज-अंबेडकर अस्पताल परिसर स्थित महिला छात्रावास में छात्राओं को पंखा, लाइट, पानी, साफ-सफाई और ड्रेनेज जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। छात्राओं का आरोप है कि लगातार लिखित शिकायतों के बावजूद मरम्मत नहीं हो रही है। पीडब्ल्यूडी की ओर से टेंडर नहीं होने का हवाला दिया जा रहा है।

कुछ छात्राएं खराब पंखों के कारण बिना पंखे के रह रही हैं। एक छात्रा ने अपने कमरे की हालत सुधारने के लिए खुद के खर्च से पेंट-पुट्टी तक कराई। छात्राओं के मुताबिक पंखा या लाइट खराब होने पर पीडब्ल्यूडी की ओर से नया सामान खरीदकर लाने के लिए कहा जाता है। उनका कहना है कि दूसरे हॉस्टलों में खराब सामान बदलने की व्यवस्था हॉस्टल स्तर पर होती है। इससे यहां की मेंटेनेंस व्यवस्था को लेकर नाराजगी है।

छात्राओं के अनुसार हॉस्टल के कुछ बाथरूम के दरवाजे टूटे हैं। हैंगर नहीं हैं और वॉशबेसिन के पाइप भी खराब हैं। कुछ जगह पानी की निकासी ठीक नहीं होने से पानी जमा रहता है। फ्लश भी कई बार काम नहीं करते और नियमित सफाई नहीं होती है।

हॉस्टल परिसर में ड्रेनेज की समस्या भी है। छात्राओं का कहना है कि थोड़ी बारिश में ही आंगन में पानी भर जाता है। निकासी नहीं होने से यह दो से तीन दिन तक जमा रहता है। इससे छात्राओं को आने-जाने में परेशानी होती है। उन्होंने सर्दी शुरू होने से पहले पंखे, लाइट, पाइप, दरवाजे और ड्रेनेज की मरम्मत कराने की मांग की है।

मेस में लगे दोनों वॉटर कूलर को लेकर भी शिकायत है। छात्राओं के मुताबिक इनमें पानी पर्याप्त ठंडा नहीं हो रहा और पानी का स्वाद भी सामान्य नहीं है। उन्होंने पेयजल और वॉटर कूलर की जांच कराने की मांग की है।

डीन डॉ. विवेक चौधरी ने कहा कि शिकायतें मिली हैं और उन्हें ठीक कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि छात्राओं के लिए नया जी+6 गर्ल्स हॉस्टल बनाया जाएगा। इसके लिए 14 करोड़ रुपए का टेंडर जारी हो चुका है। नए भवन में सभी तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मौजूदा हॉस्टल की शिकायतें भी मिली हैं। फिलहाल उन्हें दूर करने का प्रयास किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button