साजा में शराब दुकान के प्रस्तावित स्थल का विरोध:ग्रामीणों ने CMO को ज्ञापन सौंपा, स्थल बदलने की मांग, आंदोलन की चेतावनी दी

![]()
बेमेतरा जिले के साजा नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक-14 में प्रस्तावित शराब दुकान के खिलाफ ग्रामीणों, किसानों, महिलाओं और स्थानीय नागरिकों का विरोध तेज हो गया है। सोमवार को बड़ी संख्या में लोग नगर पंचायत पहुंचे और मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) को ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित स्थल को तत्काल निरस्त करने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि उनका विरोध शराब दुकान से नहीं, बल्कि उसके लिए चुने गए स्थान से है। उनका कहना है कि प्रस्तावित स्थल आवासीय और संवेदनशील क्षेत्र में है, जहां छात्रावास, धार्मिक स्थल, कृषि भूमि, 33 केवी विद्युत उपकेंद्र और मुख्य आवागमन मार्ग स्थित है। महिलाओं और विद्यार्थियों की सुरक्षा पर चिंता ग्रामीणों के अनुसार, इस स्थान पर शराब दुकान खुलने से महिलाओं की सुरक्षा, विद्यार्थियों के शैक्षणिक माहौल और सार्वजनिक व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। कई गांवों के लोग रोज इसी मार्ग से बैंक, अस्पताल और सरकारी कार्यालयों तक आते-जाते हैं। CMO की रिपोर्ट में भी स्थल अनुपयुक्त स्थानीय नागरिक निलेश वर्मा ने बताया कि इससे पहले भी कलेक्टर को ज्ञापन देकर विरोध दर्ज कराया गया था। वहीं, नगर पंचायत साजा की निरीक्षण रिपोर्ट में भी प्रस्तावित स्थल को शराब दुकान के लिए अनुपयुक्त बताया गया है। रिपोर्ट में कानून-व्यवस्था और सामाजिक वातावरण प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। आंदोलन की चेतावनी ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द निर्णय लेकर स्थल बदलने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि प्रस्तावित स्थान निरस्त नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
Source link




