राजनीति

राहुल गांधी देशद्रोही आचरण पर उतारू, जनता और चुनाव आयोग से माफी मांगें: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि लगभग सौ बार चुनाव हार चुके कांग्रेस नेता राहुल गांधी अब बौखलाहट में देशद्रोही आचरण पर उतारू हो गए हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की अगुआई में कांग्रेस अब देश की संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने और झूठ व फरेब की राजनीति में जुटी हुई है। साय ने राहुल गांधी से देश की जनता और चुनाव आयोग से माफी मांगने की अपील की।

मुख्यमंत्री साय ने यह बातें रविवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहीं।

उन्होंने कहा कि देश के मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्त द्वय की संयुक्त प्रेस कान्फ्रेंस से यह स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस के सभी दावे खोखले हैं और यह राहुल गांधी की सोची-समझी साजिश है, जिसका उद्देश्य देश की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय चुनाव आयोग की संयुक्त प्रेस नोट ने यह साबित कर दिया है कि सभी फैसले तीनों चुनाव आयुक्तों की सर्वसम्मति से लिए गए हैं।

साय ने कहा कि भारत के चुनाव आयोग की दुनियाभर में साख है और उसकी निष्पक्ष चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाना विपक्ष की हताशा का प्रतीक है। उन्होंने कांग्रेस को ऐसी हरकतों से बाज आने की सलाह दी।

उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव आयोग सीधे राष्ट्रपति के प्रति जिम्मेदार है, इसलिए कैबिनेट सचिव को किसी नीतिगत मामले पर पत्र लिखने का कोई औचित्य नहीं है।

मुख्यमंत्री ने अफसोस जताया कि जिन विषयों को सुप्रीम कोर्ट ने सही ठहराया है, उनके खिलाफ भी कांग्रेस झूठ फैला रही है। उन्होंने कहा कि फार्म-6 के घोषणापत्र समेत कई विषयों पर सर्वोच्च न्यायालय का निर्णय पहले ही आ चुका है, फिर भी कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने की नाकाम कोशिश कर रही है।

साय ने राहुल गांधी को एक आदतन अपराधी की तरह निरादर करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हर बार और हर मंच पर मुंह की खाते हैं, बार-बार माफी मांगते हैं, लेकिन अपनी हरकतों से बाज नहीं आते।

उन्होंने ईवीएम पर उठाए गए सवालों का भी जिक्र किया, यह कहते हुए कि राहुल गांधी उसी ईवीएम से सांसद बने हैं, जिससे उनकी पार्टी के कई विधायक और सांसद चुने गए हैं।

इस दौरान पत्रकार वार्ता में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल, भाजपा मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पांडेय सहित अन्य नेता भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button