जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी की महिला इकाई ने डीआरएम को सौंपा ज्ञापन, स्टेशनों में छत्तीसगढ़ी लोकगीत और नवरात्र में विशेष ट्रेनों की मांग

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के महिला संगठन ने रायपुर डिवीजन के डीआरएम दयानंद को ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में यात्रियों की सुविधा और सांस्कृतिक प्रसारण से जुड़ी दो मांगें रखी गईं।
पार्टी ने अपनी पहली मांग में कहा कि स्थानीय त्योहारों पर रेलवे स्टेशनों में पारंपरिक संगीत ब्रॉडकास्ट किया जाना चाहिए। पदाधिकारियों के अनुसार छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध संस्कृति और त्योहारों के लिए जाना जाता है।
इसलिए हरेली, तीजा, पोरा, बस्तर दशहरा सहित एक नवंबर (राज्य स्थापना दिवस) जैसे प्रमुख अवसरों पर रेलवे स्टेशनों में छत्तीसगढ़ी लोकगीत बजाए जाने चाहिए। पार्टी का मानना है कि इससे स्थानीय लोककला को एक बड़ा सार्वजनिक मंच मिलेगा।
पदाधिकारियों ने कहा कि इस पहल से बाहरी यात्री भी यहां की संस्कृति से रूबरू हो सकेंगे। इससे छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को व्यापक स्तर पर पहचान मिलने की उम्मीद जताई गई है।
अपने दूसरे आवेदन में पार्टी ने शारदीय नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनें चलाने की मांग की है। इस मांग के पीछे श्रद्धालुओं को देवी दर्शन के लिए आने-जाने में सुविधा देना बताया गया है।
प्रतिनिधियों ने बम्लेश्वरी माता (डोंगरगढ़), महामाया मंदिर (रतनपुर), खल्लारी माता (महासमुंद) और चंडी माता (बागबाहरा) जैसे प्रमुख शक्तिपीठों तक पहुंचने के लिए रायपुर मंडल से स्पेशल ट्रेन शुरू करने का आग्रह किया है।
प्रतिनिधियों ने यह भी कहा कि इस संबंध में बिलासपुर मंडल को भी प्रस्ताव भेजा जाना चाहिए। ज्ञापन में रखी गई इन मांगों को लेकर पार्टी ने रेलवे प्रशासन से सकारात्मक पहल की अपेक्षा जताई है।



