छत्तीसगढ़

कैंसर के खिलाफ सरकार, चिकित्सा जगत और समाज मिलकर करेंगे काम: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

राज्य में कैंसर की रोकथाम, समय पर पहचान और सुलभ उपचार के लिए सरकार, चिकित्सा जगत और समाज मिलकर काम करेंगे। नवा रायपुर में करीब 100 एकड़ में विकसित हो रही पांच हजार बिस्तरों की मेडिसिटी प्रदेश में आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र बनेगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को मेफेयर में आयोजित चौथे बीएमसी छत्तीसगढ़ कैंसर कान्क्लेव-2026 के शुभारंभ पर कहा कि कैंसर के खिलाफ लड़ाई केवल उपचार तक सीमित नहीं है। मरीज को यह भरोसा दिलाना भी जरूरी है कि वह इस लड़ाई में अकेला नहीं है।

रेस्टोरिंग बैलेंस टू कैंसर केयर थीम पर हो रहे कान्क्लेव में 200 से अधिक राष्ट्रीय और 11 अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ कैंसर की रोकथाम, स्क्रीनिंग, उपचार और अनुसंधान पर मंथन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कैंसर की शुरुआती पहचान होने पर प्रभावी उपचार की संभावनाएं बढ़ती हैं। विशेषज्ञ ऐसी तकनीक और उपायों पर विचार करें, जिनसे जांच और उपचार अधिक सस्ता व सुलभ बनाया जा सके।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान में करीब 34 लाख लोगों की स्क्रीनिंग की गई है और लगभग 40 हजार लोगों को बीमारी की पहचान के बाद उपचार से जोड़ा गया। उन्होंने कहा कि आर्थिक स्थिति उपचार में बाधा न बने, इसके लिए आयुष्मान भारत से पांच लाख और मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से 25 लाख रुपये तक की सहायता दी जा रही है।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रदेश में कैंसर को नोटिफाई किया जाएगा, जिससे मरीजों का व्यवस्थित डेटाबेस तैयार होगा। सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी टीकाकरण को मिशन मोड में आगे बढ़ाया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग और बालको मेडिकल सेंटर के सहयोग से 500 से अधिक स्वास्थ्य शिविर भी लगाए जा चुके हैं। कान्क्लेव में स्त्री रोग संबंधी कैंसर और प्रोस्टेट कैंसर पर विशेष चर्चा हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कैंसर जागरूकता, स्क्रीनिंग और उपचार की नवीन तकनीकों के स्टॉलों का अवलोकन कर विशेषज्ञों से जानकारी ली तथा सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन परियोजना का शुभारंभ किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button