द ब्लेज ई न्यूज,जशपुरनगर। भगवान श्री गणेश की प्रतिमा विसर्जन के लिए निकली शोभा यात्रा में एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित हो कर भीड़ में घुस गईं। वाहन की चपेट में आ जाने से एक महिला सहित तीन लोगो की मौत हो गईं। मामला जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के जरूडाड गांव की है।

चराईडांड बगीचा स्टेट हाई वे में मंगलवार की रात लगभग 9 बजे भगवान श्री गणेश की प्रतिमा विसर्जन के लिए शोभा यात्रा निकली थी। इस शोभा यात्रा में डेढ़ सौ ग्रामीण शामिल थे। डीजे की धुन में नाचते गाते जा रहे थे। इसी दौरान रायकेरा की ओर से आ रही बोलेरो क्रमांक सीजी 15 सीआर 1429 अनियंत्रित हो कर शोभा यात्रा में घुस गईं। दुर्घटना में वाहन की चपेट में आने से अरविंद करकेट्टा 19 वर्ष,विपिन प्रजापति 17 वर्ष और खिरोवती यादव 32 वर्ष की घटना स्थल पर ही मौत हो गईं।

दुर्घटना में 20 लोग घायल हुए है। इन्हे उपचार के लिए बगीचा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर कलेक्टर रोहित व्यास और एसएसपी शशि मोहन बगीचा पहुँचे और घायलो के उपचार की जानकारी ली। घटना के बाद भीड़ ने वाहन चालक सुख सागर यादव को पकड़ कर उसकी जम कर पिटाई कर दी। जिससे वह घायल हो गया है। उसे भी इलाज के लिए भर्ती किया गया है।

2021 में पत्थलगांव में हुई थी घटना-
वर्ष 2021 में जिले के पत्थलगांव में ऐसी ही एक भीषण दुर्घटना हुई थी। 15 अक्टूबर को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन शोभा यात्रा में गांजा से भरी एक चार पहिया वाहन अनियंत्रित हो कर भीड़ में घुस गईं थी। इस घटना में एक श्रद्धालु की मौत हो गईं थी और दर्जन भर घायल हो गए थे।