जशपुरनगरः तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो कर सड़क किनारे स्थित पेड़ से टकरा गई। इस भीषण दुर्घटना में कार चला रहे युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को बेहतर उपचार के लिए झारखंड के रांची रेफर किया गया है। हादसा शनिवार की सुबह जशपुर आरा रोड में स्थित बालाछापर में हुआ। जानकारी के अनुसार शहर के कपड़ा व्यवसायी और ठेकेदार कनक चिंडालिया का छोटा पुत्र चेतन जैन (20 वर्ष) अपने तीन दोस्त हिमांशु डनसेना,प्रिंशू ठाकुर और प्रांजन दास के साथ सुबह करीब साढ़े 10 बजे कार क्रमांक जेएच 01 एफएल 1818 से गिट्टी खदान का निरीक्षण करने नगेरा पत्थर आरा की ओर निकले थे। जब वे बालाछापर के पास कोरवा हॉस्टल के सामने मेन रोड से गुजर रहे थे, तभी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे कटहल के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चेतन की मौके पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर तत्काल मौके पर पहुंचे और चारों घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल जशपुर लाया गया। खबर फैलते ही अस्पताल में शहर के लोग उमड़ पड़े। डॉक्टरों ने चेतन को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य तीनों युवकों को गंभीर चोटों के चलते भर्ती किया गया। बताया गया कि प्रांजल दास गंभीर रुप से घायल है और उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।वहीं प्रिशु ठाकुर और हिमांशु की हालत भी स्थिर नहीं बताई जा रही है। तीनों को उच्च उपचार के लिए रांची रेफर कर दिया गया है।
एंबुलेंस आने में लेट-लतीफी से नाराजगी –
शहर को झकझोर कर रख देने वाली इस दुर्घटना के बाद एक बार फिर जिला चिकित्सालय में अव्यवस्था की स्थिति देखने को मिली। घायलों को रांची रेफर करने के बाद स्वजन एम्बुलेंस पहुंचने का इंतजार करते रहे। बताया गया कि एम्बुलेंस में डीजल नहीं था, जिसके कारण अमूल्य समय बर्बाद हुआ। हालांकि सिविल सर्जन बिपिन इंदवार का कहना था कि एंबुलेंस में डीजल पर्याप्त मात्रा में था। एक साथ तीन घायलों के लिए एंबुलेंस व्यवस्था करने में समय लग गया।

अस्पताल में उमड़ी भीड़ –
घटना की सूचना मिलते ही जिला चिकित्सालय में शहरवासियों की भीड़ उमड़ पड़ी। एक युवा की मौत और तीन के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी मिलते ही विधायक रायमुनि भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, एसडीएम विश्वास राव मास्के, सिविल सर्जन डॉ. विपिन इंदवार और कोतवाली थाना प्रभारी आशीष तिवारी जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों की स्थिति की जानकारी ली और परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिया।

शहर में पसरा मातम
धनतेरस के दिन शहर के व्यवसायी कनक चिंड़ालिया के छोटे पुत्र चेतन जैन के असमय निधन से जशपुर शहर में शोक की लहर दौड़ गई है। युवा, मिलनसार और मददगार स्वभाव के लिए जाने जाने वाले चेतन की मौत ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। शहर के व्यापारी वर्ग और परिचितों की आंखें नम हैं।



