Uncategorized

पान खाने गए कारोबारी का बैग गायब, CCTV फुटेज से पुलिस ने दो चोरों को पकड़ा

रायपुर में रेडीमेड कपड़ों के कारोबारी किशोर बलवानी की एक्टिवा से 53 लाख रुपये से भरा बैग चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष यदु (39) और कमलेश कुशवाहा (36) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर पूरी 53 लाख रुपये की रकम बरामद कर ली है।

शैलेन्द्र नगर निवासी किशोर बलवानी की पंडरी कपड़ा मार्केट में रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। 9 अक्टूबर को सुबह करीब 11: 40 बजे वे घर से दुकान जाने के लिए निकले थे। एक्टिवा के सामने के पायदान पर सफेद बैग में 53 लाख रुपये कैश रखे हुए थे। करीब 11: 45 बजे वे कटोरा तालाब के संत कंवर राम चौक पर अप्पू पान ठेले के सामने रुके और पान खाने चले गए। लौटे तो एक्टिवा के सामने रखा बैग गायब था। इसके बाद उन्होंने सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की जांच में पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। फुटेज में बिना नंबर की पल्सर बाइक पर दो संदिग्ध नजर आए। पुलिस ने उनके भागने के संभावित रास्तों पर लगे हजारों कैमरों के फुटेज को एक-एक कर मिलाया। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए बार-बार कपड़े बदल रहे थे। वे ऐसे रास्तों से भी निकले, जहां सीसीटीवी कैमरों की निगरानी से बचा जा सके। तकनीकी जांच और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस ने दोनों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे करीब एक हफ्ते से कारोबारी पर नजर रख रहे थे। उन्हें पता था कि वह किस समय घर से दुकान जाता है और उसकी रोजाना की दिनचर्या क्या है। 9 अक्टूबर को जैसे ही कारोबारी घर से निकला, दोनों उसके पीछे लग गए। कटोरा तालाब के पास मौका मिलते ही उन्होंने एक्टिवा के आगे रखे नकदी से भरे बैग को उठाया और फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपियों ने कैश अपने घरों में अलग-अलग जगह छिपा दी थी। रकम का कुछ हिस्सा गीजर के अंदर, कुछ टीवी के पीछे और कुछ बच्चों के खिलौनों में रखा गया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 53 लाख रुपये बरामद किए। इसके अलावा 3 बैंक खाते फ्रीज कराए गए और पल्सर बाइक और दो मोबाइल जब्त किए गए।

पुलिस के मुताबिक, रायपुर के डीडी नगर निवासी मनीष यदु के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में मारपीट और जुआ एक्ट के तहत पहले भी मामले दर्ज हैं। इन मामलों में वह जेल भी जा चुका है। साल 2012 में उसने आजाद चौक थाने में कैश लूट की झूठी शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में भी उसके खिलाफ कार्रवाई की गई थी। वहीं, दूसरा आरोपी टाटीबंध निवासी कमलेश कुशवाहा भी पहले मारपीट के मामले में गिरफ्तार हो चुका है और जेल जा चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button