Uncategorized

क्रिप्टो और USDT ट्रेडिंग के नाम पर रायपुर के डॉक्टर से 25.66 लाख की ठगी, दो आरोपियों पर मामला दर्ज

रायपुर में क्रिप्टो करेंसी और USDT ट्रेडिंग में निवेश कर कम समय में बड़ा मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक डॉक्टर से 25 लाख 66 हजार 900 रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने समता कॉलोनी के डॉक्टर राकेश कुमार मिश्रा की शिकायत पर रेशमी गुप्ता और सुरेश चौहान के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। यह मामला आजाद चौक थाना क्षेत्र का है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शिकायत के मुताबिक अगस्त 2026 में राकेश की फेसबुक के जरिए रेशमी गुप्ता नाम की युवती से पहचान हुई थी। उसने क्रिप्टो करेंसी में निवेश का प्लान बताते हुए अच्छा मुनाफा होने का भरोसा दिलाया। इसके बाद रेशमी ने अपने सीनियर सुरेश चौहान से संपर्क कराया।

आरोप है कि सुरेश ने राकेश को सिनचेन नाम के ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर रजिस्टर कराया। यहां शुरुआती निवेश पर मुनाफा दिखाया गया। इसके बाद बाइनेंस ट्रेडिंग ऐप पर भी खाता बनवाया गया और निवेश की रकम पर प्रॉफिट दिखाया गया।

मुनाफा बढ़ता देखकर डॉक्टर ने अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआई के जरिए कुल 25.66 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। शिकायतकर्ता के अनुसार 22 सितंबर को जब उन्होंने ट्रेडिंग से रकम निकालने की कोशिश की तो निकासी रोक दी गई।

आरोपियों ने बताया कि राशि निकालने के लिए आरबीआई की गाइडलाइन के अनुसार वेरिफिकेशन चैनल फीस जमा करनी होगी। इसके बाद राकेश ने आरबीआई की गाइडलाइन से संबंधित पत्र मांगा। उन्हें एक पत्र भेजा गया, लेकिन जांच कराने पर वह कथित तौर पर फर्जी निकला।

इसके बाद उन्हें ठगी का शक हुआ और उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क कर घटना की जानकारी दी। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लेन-देन और संबंधित खातों की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button