Uncategorized

गरबा पार्टनर ‘रेंट’ पर देने के विज्ञापन से विवाद, कांग्रेस ने पुलिस कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन

नवरात्र के रास गरबा में अब पार्टनर भी ‘रेंट’ पर मिलने के विज्ञापन ने विवाद खड़ा कर दिया है। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित एक पोस्ट में गरबा पार्टनर के लिए सिल्वर, गोल्ड और प्लेटिनम पैकेज बताए गए हैं। इनकी कीमत 1,000 से 2,000 रुपये तक रखी गई है।

प्रसारित पोस्ट में सिल्वर पैकेज 1,000 रुपये का है। इसमें दो घंटे गरबा खेलने, मैचिंग आउटफिट और बुनियादी गरबा स्टेप सिखाने की बात कही गई है। साथ में सेल्फी का भी जिक्र है। गोल्ड पैकेज 1,500 रुपये का है, जिसमें चार घंटे साथ रहने की बात है। प्लेटिनम पैकेज 2,000 रुपये का बताया गया है, जिसमें पूरे दिन साथ रहने और गरबा करने का प्रस्ताव दिया गया है।

पोस्ट में कुछ युवकों ने कमेंट में लिखा है कि मैंने एप में फार्म भरा, पैसा भी दिया, लेकिन कोई रिस्पांस नहीं मिला। यह एक साइबर फ्राड है। इसके अलावा पोस्ट सामने आने के बाद इसे लेकर धार्मिक भावनाएं आहत होने की शिकायत की गई।

कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री कन्हैया अग्रवाल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने कहा कि नवरात्र आस्था और उपासना से जुड़ा पर्व है। ऐसे आयोजन के प्रचार में इस्तेमाल शब्दों और सामग्री की जांच होनी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने पोस्ट हटाने और जांच के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि रास गरबा धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाओं से जुड़ा आयोजन है। इसलिए प्रचार सामग्री तैयार करते समय उसकी भाषा और प्रस्तुति को लेकर सावधानी जरूरी है। ज्ञापन में संबंधित संस्था या आयोजकों की भूमिका की जांच करने और यदि कोई अनियमितता सामने आए तो कार्रवाई करने की मांग की गई है।

प्रसारित पोस्ट को लेकर इंटरनेट मीडिया पर भी तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार पोस्ट को 17 लाख से अधिक बार देखा गया और सैकड़ों कमेंट आए। कुछ लोगों ने इसे मजाकिया प्रयोग बताया तो कुछ ने इसे गंभीरता से लेते हुए इसकी वास्तविकता पर सवाल उठाए। कुछ यूजर्स ने पूछा कि यह वास्तविक सेवा है या मजाक, तो कुछ ने पैकेज में रुचि दिखाई।

रास गरबा के संबंध में इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित पोस्ट को लेकर ज्ञापन मिला है। मामले में पोस्ट की सामग्री और उससे जुड़े तथ्यों की जांच कराई जाएगी। जांच में यदि कोई आपत्तिजनक या कानून का उल्लंघन करने वाली सामग्री सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यह जानकारी पुलिस कमिश्नर संजीव मिश्रा ने दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button