उत्कृष्ट कार्य करने वाली 100 महिलाओं का किया गया सम्मान:मुख्य अतिथि विधायक कविता प्राण लहरे बोलीं- महिलाएं ठान लें तो प्रदेश को नशामुक्त बना सकती हैं

![]()
रायपुर में रविवार को आयोजित अग्रगामी महिला सम्मान समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 100 महिलाओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरे ने कहा कि प्रदेश में बढ़ते नशे, अपराध और मृत्यु भोज जैसी कुप्रथाओं को रोकने में महिलाओं की अहम भूमिका हो सकती है। उन्होंने कहा, “यदि महिलाएं संकल्प लें तो पूरे प्रदेश को नशामुक्त बनाया जा सकता है। एक नारी पूरे घर को स्वर्ग बना सकती है। बेटियों को शिक्षा के साथ आत्मरक्षा का प्रशिक्षण भी देना चाहिए, ताकि वे विपरीत परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा कर सकें।” कार्यक्रम का आयोजन वक्ता मंच और जन एकता फाउंडेशन की ओर से किया गया। समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी गुरुशरण पाल गरचा ने की। कार्यक्रम में डॉ. मनीषा बी. सिन्हा, डॉ. नलिनी मढ़रिया, डॉ. करुणा कुर्रे, डॉ. प्राची भट्टर, डॉ. रत्ना अग्रवाल, पंडित पी.के. तिवारी, राजकुमार धर द्विवेदी और अजीत कुकरेजा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। 100 महिलाओं को मिला अग्रगामी महिला सम्मान
वक्ता मंच के अध्यक्ष राजेश पराते ने बताया कि समारोह की शुरुआत बाल प्रतिभाओं के सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुई। इस वर्ष सांप्रदायिक सौहार्द्र, थिएटर, फिल्म, जनजागरूकता, खेल, शिक्षा, चिकित्सा, विधिक सहायता, पत्रकारिता, व्यवसाय, साहित्य, कला, संस्कृति, लोककला, पुलिसिंग और प्रशासन समेत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 100 महिलाओं का चयन सम्मान के लिए किया गया। अतिथियों ने कहा कि सम्मानित महिलाओं के कार्य समाज में सकारात्मक बदलाव और नई प्रेरणा का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने वक्ता मंच की तीन दशक की सामाजिक यात्रा की भी सराहना की। मितानिन से लेकर डॉक्टर और पत्रकार तक सम्मानित समारोह में मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से लेकर डॉक्टर, शिक्षिका, पत्रकार, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न पेशों से जुड़ी महिलाओं को अग्रगामी महिला अवॉर्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में लकी ड्रॉ के माध्यम से सारंगढ़ की हीरादेवी निराला को वर्ष 2026 की ‘भाग्यशाली महिला’ सम्मान से नवाजा गया। इस अवसर पर वक्ता मंच के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम का समापन संयोजक शुभम साहू के आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।
Source link




