Uncategorized

रायपुर-बलौदाबाजार मार्ग पर तेज बहाव में फंसी यात्री बस, तीन घंटे की मशक्कत के बाद 70 यात्री सुरक्षित निकाले गए

रायपुर से बलौदाबाजार जा रही जय अंबे ट्रेवल्स की आखिरी यात्री बस शनिवार रात तेज बहाव वाले नाले में फंस गई। बस में करीब 70 यात्री सवार थे। यह हादसा खरोरा थाना क्षेत्र के सारागांव के पास कोल्हान नाले में हुआ।

सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के मुताबिक, जय अंबे ट्रेवल्स की बस रायपुर से बलौदाबाजार जा रही थी। रात करीब 9 बजे बस सारागांव के पास कोल्हान नाले पर पहुंची। उस समय नाले में पानी का बहाव काफी तेज था।

मौके पर मौजूद विधानसभा थाना पुलिस ने बस ड्राइवर को आगे जाने से रोकने की कोशिश की। पुलिस ने ड्राइवर को बताया कि तेज बहाव के बीच बस ले जाना खतरनाक हो सकता है। इसके बावजूद ड्राइवर बस को आगे ले गया।

इसी दौरान नाले के पास कुछ ट्रक आ गए। उन्हें रास्ता देने के लिए बस को साइड करना पड़ा। साइड करते समय बस तेज बहाव की चपेट में आ गई और नाले में फंस गई। पानी का दबाव ज्यादा होने के कारण बस आगे नहीं बढ़ सकी।

बस के अंदर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्रियों ने मदद के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया।

बस के मुख्य दरवाजे पर पानी का दबाव ज्यादा था। ऐसे में पुलिस ने खिड़कियों के रास्ते यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। ग्रामीणों ने भी रेस्क्यू में पुलिस की मदद की। ट्रकों की मदद से यात्रियों को सुरक्षित जगह तक पहुंचाया गया।

करोबार तीन घंटे की मशक्कत के बाद रात करीब 12 बजे सभी 70 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है।

विधानसभा थाना प्रभारी दुर्गेश्वरी चौबे ने बताया कि रात करीब 9 बजे बस ड्राइवर को तेज बहाव के कारण नाले में जाने से मना किया गया था। इसके बावजूद ड्राइवर बस को आगे ले गया, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। ग्रामीणों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

थाना प्रभारी ने बताया कि लापरवाही बरतने वाले बस ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। घटना खरोरा थाना क्षेत्र की होने के कारण आगे की कार्रवाई संबंधित थाना पुलिस करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button