छत्तीसगढ़

22 सितंबर से छत्तीसगढ़ में फिर तेज बारिश की संभावना, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

प्रदेश में 22 सितंबर से बारिश की गतिविधियों में एक बार फिर तेजी आने की संभावना है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की चेतावनी जारी की है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तरी अंडमान सागर और उसके आस-पास ऊपरी हवा का एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिसके 19 सितंबर की शाम तक कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील होने की प्रबल संभावना है।

यह मौसम प्रणाली पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए 21 सितंबर को बंगाल की खाड़ी के पूर्वी-मध्य हिस्से में अवदाब और 22 सितंबर को पश्चिमी-मध्य हिस्से में गहरे अवदाब का रूप ले लेगी। 23 सितंबर की सुबह तक इसके दक्षिणी ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों तक पहुंचने का अनुमान है, जिसके असर से छत्तीसगढ़ में तेज बारिश की संभावना है।

बीते 24 घंटों में प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई। सबसे अधिक 60 मिमी बारिश मानपुर में दर्ज की गई, जबकि नारायणपुर में 40 मिमी और रायपुर शहर में 30 मिमी वर्षा हुई।

प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री राजनांदगांव, माना (रायपुर एयरपोर्ट) और बिलासपुर में दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री पेण्ड्रा रोड में रिकार्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार 20 सितंबर को प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने का पूर्वानुमान है। एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने (वज्रपात) की चेतावनी भी दी गई है।

राजधानी रायपुर में आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका (मेघमय) रहेगा। शहर में एक या दो बार गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। रायपुर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button