![]()
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में एक युवक की पांच लोगों ने मिलकर लात-घूसों से जबरदस्त पिटाई कर दी। युवकों ने शराब पीने के लिए रुपये की डिमांड की और जब उन्हें रुपये नहीं दिया तो आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद मामले की सूचना पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक जूटमिल क्षेत्र में रहने वाला सत्यम सिदार 31 साल ने 29 मार्च को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह अपने साथी के साथ बड़पारा शराब भट्ठी से लौट रहा था। तभी मिनीमाता चौक के पास रहने वाला मनोज सिंह अपने साथियों के साथ उसे रोक लिया और शराब के लिए रुपये मांगने लगा। जब सत्यम ने रुपये देने से मना किया, तो मनोज और उसके साथी गाली-गलौज करते हुए सत्यम की लात-घूसों से जमकर पिटाई कर दी। इससे सत्यम जमीन पर गिर गया और गंभीर रूप से उसे चोट आई। घटना के बाद आसपास के लोगों ने जब बीच-बचाव किया तो आरोपी वहां से भाग गए और सत्यम ने रिपोर्ट दर्ज कराया। जहां पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 119(1), 351(3), 115(2), 191(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी मनोज सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया
जिसके बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट करना बताया। ऐेसे में पुलिस ने मनोज सिंह 24 साल निवासी मिनीमाता चौक, लवकुमार यादव 28 साल निवासी चर्च रोड बाजीराव पारा, विक्रम सिंह ठाकुर 34 साल निवासी रेल्वे कालोनी, बजरंग सिंह 32 साल निवासी मिनीमाता चौक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा
इस संबंध में SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि मारपीट, धमकी और जबरन वसूली जैसे अपराधों में संलिप्त असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे मामलों में किसी को बख्शा नहीं जाएगा। आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट की और घटना की सूचना पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
<
