हजारों दीपों से महामाया मंदिर जगमगाया

भास्कर न्यूज | कटगी आदर्श ग्राम पंचायत कटगी के महामाया मंदिर परिसर में 5 दिवसीय सार्वजनिक नवदुर्गा प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव और पंच दिवसीय शक्ति यज्ञ संपन्न हुआ। गुप्त नवरात्रि पर यह आयोजन 19 जुलाई से 23 जुलाई तक चला। दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचे। आयोजन महामाया सेवा समिति और समस्त ग्रामवासियों ने किया। मंदिर प्रांगण में नवदुर्गा के साथ कई देवी-देवताओं की मूर्तियों की स्थापना हुई। मां नवदुर्गा के नौ स्वरूप शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी, सिद्धिदात्री की मूर्तियां स्थापित की गईं। भगवान शंकर-पार्वती, बटुक भैरव, भगवान लक्ष्मीनारायण के विग्रह भी स्थापित किए गए। रविवार को महोत्सव की शुरुआत कलश यात्रा से हुई। गाजे-बाजे के साथ यात्रा निकली। गांव की सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर भाग लिया। सोमवार को विग्रह अनावरण हुआ। पंचाधिवास हुआ। श्री शिव महा रुद्राभिषेक हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार से परिसर गूंजा। मंगलवार को नव स्थापित विग्रहों का अभिषेक हुआ। प्राण प्रतिष्ठा हुई। आचार्यों ने वैदिक रीति से पूजा कराई। बुधवार को षोडषोपचार और राजोपचार पूजन हुआ। मां का भव्य श्रृंगार हुआ। संध्या में दीपदान हुआ। भक्त घरों से दीपक सजाकर लाए। हजारों दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर जगमगा उठा। जयकारे लगे। भजन गूंजे। गुरुवार को हवन हुआ। पूर्णाहूति हुई। कन्या भोजन सम्पूर्ण अनुष्ठान यज्ञाचार्य आचार्य राजेन्द्र महाराज के सान्निध्य और मार्गदर्शन में हुआ। महामाया सेवा समिति के सदस्य पूरन लाल देवांगन, मालिक राम देवांगन, जवाहिर देवांगन, जगदीश प्रजापति, राजेश थवाईत, देवीलाल देवांगन, रेशम देवांगन, कुलेश्वर यादव, बन्धन बैगा ने बताया कि आयोजन में पूरे गांव का सहयोग रहा। मूर्ति दानदाताओं में ऋषि देवांगन, सतीश शर्मा, सत्यनारायण देवांगन, कमलनारायण देवांगन, लोकेश , गोरेलाल, अभिराम देवांगन, मिलाप, विणा दुबे, तिहारुराम , कल्लू थवाईत, एम.एल. वर्मा रहे।
Source link




