स्नैपचैट वाली गर्लफ्रेंड निकली लड़का:5 महीने तक करता रहा रोमांस, कथित प्रेमिका से मिलने गांव पहुंचा युवक तब खुला राज

![]()
सोशल मीडिया पर अगर आप किसी से बातचीत कर रहे हैं तो पैसों के लेनदेन से पहले इस बात की पुष्टि जरुर कर लें कि कहीं आप ठगी के शिकार तो नहीं हो रहे हैं, रायपुर से ऐसा ही एक मामला सामने आया है जहां स्नैपचैट के जरिए युवती बनकर दोस्ती करने और प्रेमजाल में फंसाकर 65 हजार रुपए की ठगी की गई। पीड़ित को करीब पांच महीने तक युवती बनकर बातचीत करने वाला आरोपी असल में युवक निकला।
जब पीड़ित उससे मिलने गरियाबंद के बताए पते पर पहुंचा, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ। शिकायत के बाद पंडरी थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, बिलासपुर जिले के केवटाडीह (भुतहा) निवासी 23 वर्षीय धनश्याम साहू रायपुर के सर्वोदय अस्पताल में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करता है और दुबे कॉलोनी स्थित हॉस्टल में रहता है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 24 दिसंबर 2025 को स्नैपचैट पर उसकी पहचान ‘थनवी साहू’ नाम की आईडी से हुई। दोनों के बीच लगातार बातचीत होने लगी और कुछ समय बाद आरोपी ने खुद को युवती बताकर निजी परेशानियों का हवाला देते हुए अलग-अलग जरूरतों के नाम पर पैसों की मांग शुरू कर दी। शिकायत के अनुसार, 24 दिसंबर 2025 से 27 अप्रैल 2026 के बीच पीड़ित ने अलग-अलग किश्तों में अपने यूपीआई अकाउंट से कुल 65 हजार रुपए आरोपी द्वारा बताए गए यूपीआई आईडी पर ट्रांसफर कर दिए। मिलने पहुंचा तो सामने आई सच्चाई पीड़ित ने बताया कि जब वह कथित युवती से मिलने उसके बताए पते ग्राम बासीन, जिला गरियाबंद पहुंचा तो पता चला कि ‘थनवी साहू’ नाम की आईडी का इस्तेमाल अमन साहू नाम का युवक कर रहा था। इसके बाद उसे एहसास हुआ कि उसके साथ प्रेमजाल में फंसाकर ठगी की गई है। घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने पहले राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पंडरी थाने में लिखित शिकायत दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
Source link




