![]()
बिलासपुर में अमृत मिशन योजना के तहत सतही जल (बांध का पानी) घर-घर पहुंचाने पर 300 करोड़ रुपए खर्च किए जा चुके हैं। अब शहर में 24 घंटे पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 22 करोड़ रुपए की अतिरिक्त मांग शासन से की गई है। इस राशि की मंजूरी के बाद 35 हजार घरों में दिन-रात लगातार पानी की सप्लाई हो सकेगी। नगर निगम ने इसके लिए परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) शासन को स्वीकृति के लिए भेजी है। अमृत मिशन योजना के नोडल अधिकारी अनुपम तिवारी ने बताया कि 24 घंटे पानी की आपूर्ति के लिए सर्वप्रथम नूतन कॉलोनी पानी टंकी का इस्तेमाल पायलट प्रोजेक्ट के रूप में किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अमृत मिशन योजना के मूल प्रावधानों में स्कॉडा सिस्टम और चौबीसों घंटे पानी की आपूर्ति के लिए राशि शामिल नहीं थी, इसलिए इसके लिए अलग से डीपीआर तैयार कर शासन को भेजा गया है। स्कॉडा सिस्टम से 24 घंटे होगी पानी की सप्लाई नोडल अधिकारी के अनुसार, 24 घंटे पानी की आपूर्ति के लिए स्कॉडा सिस्टम स्थापित किया जाएगा। इसके तहत नए फ्लो मीटर लगाए जाएंगे, जिनसे यह तुरंत पता चल जाएगा कि किस पानी टंकी में कितना पानी जा रहा है। जैसे ही कोई टंकी खाली होगी, उसे भरने के लिए बिरकोना ट्रीटमेंट प्लांट से पानी की आपूर्ति स्वतः शुरू हो जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि यदि पानी की आपूर्ति के दौरान सिस्टम में कहीं लीकेज की समस्या आती है, तो उसकी निगरानी कार्यालय के मॉनिटर पर तुरंत प्रदर्शित हो जाएगी। इससे लीकेज का तत्काल निराकरण कर पानी को व्यर्थ बहने से बचाया जा सकेगा। नोडल अधिकारी के मुताबिक, 24 घंटे पानी की आपूर्ति का लाभ लगभग एक लाख लोगों को मिलेगा। मीटरिंग सिस्टम लागू होने के बाद उपभोक्ता पानी का उपयोग अधिक किफायत से करेंगे, क्योंकि बिलिंग खपत के आधार पर ही की जाएगी।
<
