![]()
बिलासपुर जिले में इमरजेंसी हेल्थ सर्विस को मजबूत करने के लिए 16 नई एम्बुलेंस 108 सेवा में शामिल की गईं। कलेक्टोरेट परिसर में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने इन्हें हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नई एम्बुलेंसों के शामिल होने से आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर सहायता मिलेगी और कई लोगों की जान बचाई जा सकेगी। साथ ही, लंबे समय से कंडम एम्बुलेंस को बदलने की मांग भी अब पूरी हो गई है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों में भी बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। मरीजों को तेजी से उपचार मिलेगा कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि नई एम्बुलेंसों से 108 सेवा का रिस्पांस टाइम कम होगा और गंभीर मरीजों को तेजी से उपचार मिल सकेगा। सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल ने कहा कि सभी एम्बुलेंसों में प्रशिक्षित मेडिकल तकनीशियन तैनात रहेंगे, जो मौके पर ही प्राथमिक उपचार देंगे। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है एम्बुलेंस इन 16 एम्बुलेंसों में से 3 एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) सिस्टम से लैस हैं, जो चलती-फिरती आईसीयू की तरह काम करेंगी। इनमें वेंटिलेटर, ऑक्सीजन सपोर्ट और अन्य जरूरी उपकरण उपलब्ध हैं। नई एम्बुलेंसों को जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों और प्रमुख स्थानों पर तैनात किया जाएगा, जिससे शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के लोगों को इसका लाभ मिल सके।
<
