छत्तीसगढ़

धमतरी नगर निगम को मिले दो नए ट्रैक्टर, महापौर ने खुद संभाली स्टेयरिंग

गणेशोत्सव के बीच धमतरी नगर निगम को शासन की तरफ से दो नए ट्रैक्टर मिले हैं। इन अत्याधुनिक ट्रैक्टरों के मिलने से निगम में खुशी का माहौल है। नए ट्रैक्टरों की पूजा-अर्चना की गई और मिठाई बांटी गई।

इसके बाद महापौर रामू रोहरा ने खुद ट्रैक्टर की स्टेयरिंग संभाली। पीडब्ल्यूडी सभापति विजय मोटवानी ने भी ट्रैक्टर चलाकर नगर निगम परिसर का चक्कर लगाया। इन दोनों ट्रैक्टरों की कुल लागत करीब 20 लाख रुपए बताई जा रही है।

लंबे समय से निगम क्षेत्र में ट्रैक्टर समेत अन्य संसाधनों की संख्या बढ़ाने की मांग की जा रही थी। नए वाहनों के मिलने से निगम के रोजमर्रा के कामकाज, सफाई और अन्य मैदानी गतिविधियों में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।

इस मौके पर महापौर रामू रोहरा ने मुख्यमंत्री और शासन के मंत्रियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव के दौरान निगम को यह सौगात मिलने से खुशी दोगुनी हो गई है।

महापौर ने गणेश जी के प्रसंग का जिक्र करते हुए बताया कि जिस तरह भगवान गणेश ने अपने माता-पिता की परिक्रमा कर संसार का भाव समझाया था, उसी तरह उन्होंने भी नए ट्रैक्टर को खुद चलाकर नगर निगम का चक्कर लगाया है। महापौर ने यह भी कहा कि निगम में लगातार संसाधनों की जरूरत महसूस की जा रही थी। अब दो नए अत्याधुनिक ट्रैक्टर मिलने से निगम के कामकाज को और मजबूती मिलेगी।

वहीं, पीडब्ल्यूडी सभापति विजय मोटवानी ने बताया कि अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस ये दोनों ट्रैक्टर अब निगम क्षेत्र में अलग-अलग कामों के लिए इस्तेमाल किए जाएंगे। उन्होंने वाहन चालकों को मिठाई खिलाकर नए वाहनों की शुरुआत की।

इसके बाद महापौर रामू रोहरा और पीडब्ल्यूडी सभापति विजय मोटवानी ने ट्रैक्टर चालकों को वाहनों की चाबी सौंपी। नए ट्रैक्टरों की पूजा-अर्चना और चाबी सौंपने के दौरान निगम के पार्षद, अधिकारी और कर्मचारी भी वहां मौजूद रहे।

जल विभाग के सभापति अखिलेश सोनकर ने बताया कि जल विभाग और स्वास्थ्य विभाग में ड्राइवरों की तरफ से लगातार नए ट्रैक्टरों की मांग की जा रही थी, ताकि काम और तेजी से हो सके। इसी मांग पर दो नए ट्रैक्टर मंगवाए गए हैं। उन्होंने बताया कि दो नए ट्रैक्टर आने से अब नगर निगम के पास कुल पांच ट्रैक्टर इंजन हो गए हैं। इससे लोगों तक टैंकर पहुंचाने में दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button