![]()
भास्कर न्यूज | छुरीकला एनटीपीसी कोरबा का धनरास में और एचटीपीपी कोरबा पश्चिम का राखड़ डैम डिडोलभाठा छिरहुट में है, इन दिनों हवाओं के चलने पर आसपास गांवों में राखड़ उड़ने से ग्रामीण परेशान हैं। सोमवार की शाम तेज अंधड़ के कारण राखड़ उड़ने पर घरों में खाना पकाने में महिलाएं परेशान हुई। घरों के अंदर राखड़ घुसने पर परेशान रहे। आसपास का इलाका पूरी तरह से राखड़मय हो गया। सोमवार को डिडोलभाठा गांव के केंवट परिवार में आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में मेहमानों के लिए बनाए भोजन को राखड़ से सुरक्षित रखने जद्दोजहद करते नजर आए।ग्रामीण लखनलाल ने कहा कि राखड़ उड़ने से पूरा क्षेत्र का वातावरण बदल गया है। घरों में रखें सामान पर राखड़ की परतें जम गई। घर के बाहर बैठना मुश्किल हो गया। विनोद कुमार ने कहा कि राखड़ बांध से राख उड़ने से ग्रामीणों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। तालाब व नदी का पानी प्रदूषित हो रहा है। ग्राम पंचायत डिंडोलभांठा की सरपंच प्रमिला कंवर ने कहा कि राख उड़ने की समस्या से पंचायत और जनपद स्तर पर जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया है। लेकिन राहत नहीं मिल पा रही है। प्रबंधन नहीं ले रहा सुध ग्रामीणों में आक्रोश: शारदा क्षेत्र की जनपद सदस्य शारदा लता यादव ने कहा कि संयंत्र प्रबंधन इसके लिए जिम्मेदार है। ग्रामीणों की समस्या के निराकरण पर सुध नहीं ले रही है। क्षतिपूर्ति की मांग किए जाने पर महज आश्वासन मिलता है। राखड़ डैम प्रभावितों में जनाक्रोश बढ़ रहा है। इसे लेकर आंदोलन किया जाएगा।
<
