Uncategorized

तमनार में 24 हाथियों का दल सड़क पर पहुंचा, वन विभाग ने दोनों ओर रोकी वाहनों की आवाजाही

रायगढ़ जिले के तमनार रेंज के सामारुमा इलाके में रविवार शाम हाथियों का दल सड़क पर पहुंच गया। हाथियों के सड़क पार करने से पहले वन विभाग का अमला मौके पर पहुंच गया और दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी। इसके बाद हाथियों ने बिना किसी बाधा के सड़क पार की और जंगल की ओर चले गए।

हाथियों के सड़क पर आने की खबर मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। कई लोगों ने मोबाइल से हाथियों के सड़क पार करने का वीडियो भी बनाया। दल में नर और मादा हाथियों के साथ शावक भी शामिल थे।

वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक हाथियों के सड़क पर आने की सूचना मिलते ही अमला सक्रिय हो गया। कर्मचारियों ने सड़क के दोनों ओर वाहनों को रुकवा दिया, ताकि हाथियों को किसी तरह की परेशानी न हो। कुछ देर बाद हाथियों का पूरा दल सुरक्षित तरीके से सड़क पार कर जंगल की ओर चला गया।

घरघोड़ा सब डिवीजन के SDO आशुतोष मंडावा ने बताया कि तमनार रेंज में पिछले कुछ दिनों से हाथियों का मूवमेंट बना हुआ है। रविवार को 24 हाथियों का दल सड़क किनारे पहुंचा था। सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा और दोनों ओर से वाहनों को रोककर हाथियों को सुरक्षित तरीके से सड़क पार कराया।

विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार, रविवार को रायगढ़ वन मंडल क्षेत्र में कुल 51 हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई। इनमें 13 नर, 32 मादा और 6 शावक शामिल हैं।

हाथियों के मूवमेंट वाले क्षेत्रों में वन विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। प्रभावित और आसपास के क्षेत्रों में मुनादी कराकर लोगों को भी सतर्क किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button